आंवला सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। विटामिन सी का रिच सोर्स होने के अलावा यह एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है। इसके सेवन से शरीर संक्रमण और कई तरह की बीमारियों से बचा रहता है। स्वाद में खट्टा आंवला एक ऐसा फल है, जिसे खाने से सेहत तो ठीक रहती है, बाल और त्वचा संबंधी समस्याओं से भी छुटकारा मिलता है। कपिल त्यागी आयुर्वेद क्लिनिक के डायरेक्टर कपिल त्यागी के अनुसार, नेचुरल हेल्थ और ब्यूटी की दुनिया में इसे भारतीय करौंदा भी कहते हैं। इसके औषधीय गुणों को देखते हुए आयुर्वेद में सदियों से इसका उपयोग कई बीमारियों को ठीक करने के लिए किया जाता रहा है। नियमित रूप से आवंला का सेवन करने से इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने से लेकर हर तरह के रोगों से बचने, कोलेस्ट्रॉल कम करने, दिल को स्वस्थ रखने, बीपी और ब्लड शुगर मैनेज करने आदि में फायदे मिलते हैं। आंवला विटामिन सी का पावर हाउस है। यही बात इसे एक बेहतर इम्यूनिटी बूस्टर बनाती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में मौजूद फ्री रेडिकल्स को बाहर निकालते हैं, जिससे शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। कई रिसर्च में खुलासा हुआ है कि आंवले के नियमित सेवन से न केवल इम्यूनिटी बूस्ट होती है, बल्कि यह ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से जुड़ी क्रॉनिक डिजीज के खतरे को भी कम करता है। यह एलडीएल स्तर और ट्राइग्लिसराइड्स को कम कर सकता है। इतना ही नहीं एचडीएल लेवल को बढ़ाने के अलावा यह लिपिड प्रोफाइल को भी बनाए रखने में भी सक्षम है। रोजाना आंवला खाने से आप एथेरोस्क्लेरोसिस से बच सकते हैं। आंवला एक डाइजेस्टिव टॉनिक है। नियमित रूप से इसके सेवन से गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्या दूर होती है। वहीं इसमें मौजूद फाइबर कब्ज और सूजन से राहत दिला के मल त्याग को आसान बनाता है। एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होने के कारण इसका उपयोग त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याओं के लिए भी होता है। इसे अपने आहार में शामिल करने से न केवल बालों को मजबूती मिलती है, बल्कि ये समय से पहले सफेद होने से भी बच जाते हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए आंवले का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। दरअसल, इसमें क्रोमियम की उपस्थिति ब्लड शुगर में हो रहे उतार-चढ़ाव को कंट्रोल करती है। इतना ही नहीं आंवला में मौजूद पॉलीफेनॉल्स डायबिटीज को मैनेज करना आसान बना देते हैं।
आयुर्वेद की नंबर 1 जड़ी बूटी है ये हरा फल, ढूंढ-ढूंढकर खत्म करता है कोलेस्ट्रॉल