पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में बाढ़ के बीच में गुरुवार को गुवाहाटी के ज्योतिनगर इलाके में अपने पिता के स्कूटर से सीवर में गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। पहाड़ों से बह रहा पानी की धारा में अविनाश सरकार नामक एक 7 साल का बच्चा डूब गया। अविनाश सरकार माधव कंदली स्कूल, भवानीपुर, नुनमाटी का दूसरी कक्षा का छात्र है। पिता हरलाल सरकार एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। अविनाश सरकार को खेल खेलना पसंद था और वह चाओमिन और मोमो खाना पसंद करता था। गुरुवार को उसकी परीक्षाएं खत्म हुई थी। इसलिए वह शाम को अपने पिता के साथ चाओमिन और मोमो खाने के लिए उनकी दुकान पर गया था। रात करीब 10 बजे बारिश शुरू हुई थी जो धीरे-धीरे तेज होने लगी थी। अविनाश के पिता ज्योतिनगर काली मंदिर स्थित अपनी दुकान बंद कर बच्चे के साथ घर लौट आए थे। बारिश तेज़ होने लगी थी। पहाड़ों का पानी सड़क के दोनों ओर नालों में भर गया था। जलमग्न सड़क पर पिता अचानक खुद को रोक नहीं पाए और स्कूटर रोकने लगे। लेकिन पैर फिसलन से पिता-पुत्र स्कूटर सहित सड़क के किनारे गिर पड़े। 7 साल का अविनाश एक झटके से खुले सीवर में गिर गया। पहाड़ी नाले के पानी की तेज धारा में छोटा बच्चा तुरंत बह गया। एक-दो बार अविनाश ने पानी से हाथ उठाया था। अभागा पिता उसे बचाने के लिए तुरन्त सीवर में कूद पड़ा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तब तक अविनाश तेज धारा में बह गया था। तब तक घटनास्थल पर कुछ लोग जमा हो गए थे। वहां पुलिस की गाड़ी भी थी। कुछ देर बाद एसडीआरएफ के कुछ जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन सीवर में कोई नहीं उतरे। केवल उसके पिता ही तेज धारा में बच्चे को ढूंढते रहे। रात 3 बजे पुलिस ने बचाव अभियान रोक दिया और लौट गई। लेकिन पिता और परिजन बच्चे की तलाश करते रहे। शुक्रवार सुबह 10 बजे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मीडिया में समाचार प्रसारित होने के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान पर निकले। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चा बरामद नहीं हुआ है। गुवाहाटी महानगर में हाल ही में घटित इस दुखद घटना के कारण लोगों में मातम छाया हुआ है।
गुवाहाटी में कृत्रिम बाढ़ की भेंट चढ़ा नन्हा अविनाश, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल