आखिर आज वो घड़ी आ ही गई, जिसका बाबा बर्फानी के भक्तों का बड़ी बेसब्री के साथ इंतजार था। शनिवार को बड़े जोश और उत्साह के साथ पहलगाम और बालटाल आधार शिविर से बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा की ओर यात्रा की शुरुआत हुई। भोर से पहले ही भक्त ने यात्रा की तैयारी शुरू कर दी थी।

एकसाथ बम-बम भोले, जय बाबा बर्फानी, भूखे को अन्न, प्यासे को पानी... आदि नारे लगाते हुए पहले जत्थे में शामिल तीर्थयात्रियों ने अपनी यात्रा की शुरुआत की।

उधर, जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से शनिवार को दूसरा जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से घाटी की ओर तीर्थयात्री जयकारे लगाते हुए वाहनों में सवार होकर आगे बढ़े। 

वहीं, देशभर से जम्मू में भोले के भक्त लगातार पहुंच रहे हैं। जम्मू के सरस्वती धाम सहित अन्य जगहों पर तत्काल पंजीकरण कराने के लिए लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। 

ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके भक्त रेलवे स्टेशन और यात्री निवास पर अपने आरएफआईडी कार्ड प्राप्त करने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में जम्मू से कश्मीर तक बाबा बर्फानी के रंग पूरा प्रदेश रंगा हुआ है। 

भक्तों के आने से प्रदेश का माहौल शिवमय हो गया है। हर ओर भगवान भोले के जयघोष सुनने को मिल रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय कारोबारियों के भी चेहरे खिल गए हैं। इस बार अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक भक्त पंजीकरण करा चुके हैं। इसके साथ ही तत्काल पंजीकरण भी हर हो रहे हैं। पिछले साल साढ़े चार लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। इस बार यह रिकॉर्ड आसानी से टूट सकता है। 

बाबा बर्फानी के भक्त बोले- हमें आतंकवाद का डर नहीं है। बाबा बर्फानी के पास पहुंचकर उनका आशीर्वाद पाएंगे। भोलेनाथ विकट रखते हैं। उन्हीं की कृृपा से आज जम्मू-कश्मीर के हालात अलग हैं। यह कहना था अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे में रवाना हुए श्रद्धालुओं का। आधार शिविर भगवती नगर में श्रद्धालुओं ने तिरंगों को लहराते हुए भोले बाबा का गुणगान किया।

महाराष्ट्र से आईं लीना चौधरी ने कहा कि वह पहली बार पहलगाम रूट से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जा रही हैं। पहले जत्थे के साथ जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यात्रा ट्रेक पर हम प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं।