हिंदू कैलेंडर का पांचवां महीना श्रावण मास होता है। इसे सावन का महीना भी कहते हैं। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। सावन के महीने में सोमवार का दिन विशेष माना जाता है। यदि सोमवार को जल चढ़ाकर या व्रत रखकर भोलेनाथ की पूजा की जाए तो तुरंत सुख की प्राप्ति होती है। सावन सोमवार व्रत के अलावा सावन माह में मंगला गौरी व्रत भी रखा जाता है। इसके अलावा सावन शिवरात्रि इस महीने के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक है।
कब से शुरु होगा सावन मास : इस साल सावन का महीना 22 जुलाई 2024 को शुरू होकर 19 अगस्त 2024 को समाप्त होगा। इस बार सावन के महीने में अद्भुत संयोग बन रहा है। सावन मास का आरंभ भी सोमवार से हो रहा है और सावन के अंतिम दिन भी सोमवार पड़ रहा है। इस बार सावन के महीने में 5 सोमवार पड़ रहे हैं । सावन माह में पांच सोमवार पडऩा बहुत शुभ माना जाता है।
श्रावण मास का महत्व
श्रावण मास का हर दिन अत्यंत फलदायी होता है, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि श्रावण मास में पडऩे वाले सोमवार का विशेष महत्व होता है। ऐसा कहा जाता है कि जो व्यक्ति सावन सोमवार का व्रत रखता है उसका पारिवारिक जीवन सुखी रहता है। साथ ही इस व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि का कभी अभाव नहीं रहता। ऐसा माना जाता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने से वह जल्दी प्रसन्न होते हैं। इसके अलावा सावन सोमवार का व्रत करने से कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है। सावन महीने की शिवरात्रि बहुत खास होती है। हर माह कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन शिवरात्रि का व्रत रखा जाता है। शुक्रवार, 2 अगस्त 2024 को सावन महीने की शिवरात्रि पड़ेगी। पंचांग के अनुसार, सावन कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का आरंभ 2 अगस्त को दोपहर 3.26 बजे से होगा और 3 अगस्त को दोपहर 3.50 बजे समाप्त होगा।