पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता

गुवाहाटी : भारतीय विमान प्राधिकरण के पूर्वोत्तर मंडल के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मुख्य कार्यालय के कार्यवाही निदेशक  रविकांत ने मंगलवार को डॉ. भूपेन हजारिका सम्मेलन हॉल में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वर्तमान  में कोविड स्थिति में सुधार होने के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में विमान यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। रविकांत ने यह भी कहा कि पिछले तीन महीनों में पूर्वोत्तर के कई हवाई अड्डों में यात्रियों की संख्या दिन-व-दिन बढ़ रही है। उन्होंने मीडिया को अवगत किया कि भारत सरकार के क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के उड़ान के तहत पूर्वोत्तर के प्रत्येक हवाईअड्डे परं सीधे घरेलू यात्रीवाही विमानों का यातायात होगा। इस योजना के तहत मेघालय के शिलांग व मिजोरम के आईजोल स्थित लेंगपुई हवाईअड्डे के बीच, शिलांग से इंफाल तथा आगरतला के बीच, शिलांग तथा डिब्रुगढ़ के बीच विमान सेवा शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान गुवाहाटी से अरुणाचल के पासीघाट तथा तेजु के बीच नियमित विमान सेवा चालू है। उन्होंने इसकी भी जानकारी दी कि अरुणाचल प्रदेश के होलोंगी में नए हवाई अड्डे का निर्माण पूरे जोर से चल रहा है। अबतक इसका 42 प्रतिशत निर्माणकार्य हो चुका है और 2022 के नवंबर से इसे पूरा करने का लक्ष्य लिया गया है। अगरतला में महाराज वीर विक्रम हवाईअड्डे में निर्माण हो रहा नया टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण आगामी दिसंबर महीने में पूरा होने की संभावना है। रविकांत ने आगे बताया कि बोरझार हवाईअड्डे में बन रहे नए टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण कार्य 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है। संवाददाता सम्मेलन में विशेष कार्यरत अधिकारी जयराज, प्रबंधक इंद्रमोहन कुमार भी उपस्थित थे।