पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता
गुवाहाटी : शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की बीते रविवार को आयोजित सामान्य टीईटी, 2021 की परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने का आरोप सामने आया है। आरोप के मुताबिक रविवार को आयोजित परीक्षा के दौरान व्हाट्स एप्प और सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र वायरल हो चुका था। उल्लेखनीय है कि 2019 के बाद रविवार को राज्य के 868 परीक्षा केंद्र में एलपी टीईटी और यूपी टीईटी की परीक्षा आयोजित हुई थी। सामान्य टीईटी-2021 में कुल 2.70 लाख उम्मीदवार बैठे थे। असम माध्यमिक शिक्षा परिषद (सेबा) की ओर से संचालित इस परीक्षा में मोबाइल फोन या अन्य डिजिटल उपकरणों से कोई भी प्रश्न पत्र लीक न कर पाए, उसकी विशेष व्यवस्था की गई थी। उधर एलपी टीईटी की परीक्षा 8.30 बजे शुरू हुई थी और 11.00 बजे खत्म हुई थी। लेकिन खत्म होने से पहले सुबह 10.29 बजे मोबाइल फोन से फोटो खींचने वाले प्रश्न पत्र की फोटो वायरल हो गईं। ये फोटों विभिन्न व्हाट्स एप ग्रुप में शेयर होने का भी आरोप है। दूसरी ओर कछार जिले के एमएचसी एसएस स्कूल और सिराजुल अली एचएस स्कूल के परीक्षा केंद्र के कुछ उम्मीदवारों द्वारा मोबाइल से प्रश्न पत्र की फोटो खींचकर व्हाट्स एप में शेयर करने का भी आरोप है। उधर कुछ शैक्षिक प्रतिष्ठानों की ओर से प्रश्नपत्र पर एंसर की प्रकाशित किए जाने से कड़ी प्रतिक्रिया व्याप्त है। हालांकि सेबा ने किसी भी परीक्षार्थी को प्रश्न पत्र घर ले जाने की अनुमति नहीं दी थी।