पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद असम में राजनीतिक परिदृश्य बदल जाएगा। इस बात के स्पष्ट संकेत मिले हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के सांसद पुत्र गौरव गोगोई दो साल में होने वाले असम विधानसभा आम चुनाव में मुख्यमंत्री को चुनौती देंगे। तीसरी बार संसद के लिए चुने गए गौरव गोगोई ने खुद असम की कमान संभालने में रुचि व्यक्त की है और पार्टी कार्यकर्ताओं से 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है। उन्होंने लोकसभा चुनाव को सेमीफाइनल बताया और     कहा कि 2026 में फाइनल होगा। राज्य की राजनीति में गौरव गोगोई का दबदबा बढ़ने के कारण सीएम खुद चिंतित हो रहे हैं। जहां लोकसभा चुनाव के नतीजों ने डॉ. शर्मा को चिंतित कर दिया है वहीं व्यापक अटकलें हैं कि डॉ. शर्मा आगामी चुनाव जोरहाट से लड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने स्वयं स्वीकार किया कि जोरहाट में जीतने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी होगी, उनको उस पर टिके रहना होगा, वहां काफी चुनौतियां हैं। गौरतलब है कि इस बार लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा के साथ पूरा सरकारी तंत्र और भाजपा पार्टी जोरहाट में गौरव गोगोई के खिलाफ जुटद्ग हुश्व था, लेकिन इसके बावजूद गौरव गोगोई ने भाजपा खेमे को निर्विवाद रूप से हरा दिया। जोरहाट लोकसभा क्षेत्र में भाजपा और उसके सहयोगी एजीपी के आठ विधायक हैं, लेकिन गौरव गोगोई ने 10 विधानसभा क्षेत्रों में से एक को छोड़कर अन्य सभी नौ क्षेत्रों में जीत हासिल की। भाजपा सरकार ने जोरहाट पर कब्जा करने के अपने अभियान के तहत कई महत्वाकांक्षी योजनाएं भी अपनाई थीं, लेकिन ये योजनाएं भी पार्टी के लिए प्रतिकूल साबित हुईं। जोरहाट के लोगों ने युवा नेता गौरव गोगोई का खुलकर समर्थन किया। चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद माजुली में सत्रों और नामघरों में आशीर्वाद लेने और लोगों को धन्यवाद देने के बाद बृहस्पतिवार को गौरव गोगोई गुवाहाटी के लिए रवाना  हुए। यात्रा पथ में गोलाघाट जिले के डेरगांव के लाहटी, रंगामाटी, बोकाखात, कलियाबार और रोहा आदि स्थानों में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और शुभचिंतकों ने उनका स्वागत किया। इस यात्रा में गौरव गोगोई के साथ गोलाघाट जिला कांग्रेस शिक्षक सेल के अध्यक्ष भास्कर बोरा और अन्य नेता भी थे। जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विचारों के आदान-प्रदान करते हुए सांसद गोगोई ने उनसे जीत का यह सिलसिला जारी रखने का आग्रह किया। गोगोई ने आगामी विधानसभा चुनाव में दिसपुर पर कब्जे के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ताओं से सुनियोजित एवं अधिक उत्साह से कार्य करने का भी आग्रह किया। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मानसिक रूप से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे गौरव गोगोई ने साफ संकेत दिया कि वे आगामी चुनाव में डॉ हिमंत विश्व शर्मा को चुनौती देंगे। गौरव गोगोई ने कहा कि मैं हमेशा याद रखूंगा कि पूर्व कलियाबर लोकसभा क्षेत्र (अब काजीरंगा) के लोगों ने मुझे दो बार संसद भेजा और मैं इसे हमेशा याद रखूंगा। उन्होंने इस वर्ष के चुनाव परिणामों के लिए डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और उनके करीबी सहयोगियों को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं हिमंत विश्व शर्मा और उनके सहयोगियों की वजह से जीता। उन्होंने मुझे जोरहाट में अधिक समय दिया, जिससे मेरे लिए जीतना आसान हो गया। इसलिए, मैं उनसे पूरे असम में यात्रा जारी रखने का आग्रह करता हूं। गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री और उनके करीबी सहयोगियों को अपना स्टार प्रचारक भी कहा। इस बीच एपीसीसी ने बृहस्पतिवार को गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि एआईयूडीएफ जल्द ही भंग हो जाएगा। गौरतलब है कि बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाली पार्टी को इस बार लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पार्टी भंग हो जाने के कांग्रेस के दावों से एक और संकेत मिलता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन जारी रहेगा। कुल मिलाकर गौरव गोगोई के नेतृत्व वाला कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन निश्चित रूप से 2026 के विधानसभा चुनावों में हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा और एनडीए को भारी चुनौती देगा।