पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : सीएम डॉ हिमंत विश्वशर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीसरी सरकार के गठन का गवाह बनने के लिए बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ एजीपी अध्यक्ष अतुल बोरा और यूपीपीएल अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो भी थे। उल्लेखनी है कि आमबाड़ी स्थित एजीपी मुख्यालय में स्वागत के बाद फणीभूषण चौधरी भी पार्टी हाईकमान अतुल बोरा के साथ एनडीए की एक आपात बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली के लिए उड़ान भरे। गौरतलब है कि मोदी 8 जून को तीसरे कार्यकाल की शपथ लेंगे। इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री ने एनडीए की बैठक की अध्यक्षता की। पहली बार संसद में अपना प्रतिनिधि भेजने में सफल रहे यूपीपीएल अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो बुधवार को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एनडीए बैठक में शामिल हुए, वहीं दूसरी ओर एक दशक बाद लोकसभा में प्रतिनिधि भेजने में कामयाब हुए एजीपी अध्यक्ष अतुल बोरा ने भी बैठक में भाग लिया। बुधवार अपराह्न में हुई बैठक के बाद पत्रकारों से हुई बातचीत के दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं ने लोकसभा चुनाव की सफलता पर संतोष जताया। एजीपी अध्यक्ष अतुल बोरा ने 10 साल बाद लोकसभा में प्रतिनिधि भेजने में कामयाब होने पर असम की जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हालांकि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा को एकल बहुमत नहीं मिला लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इस बार हमारा लक्ष्य लोकसभा में हमारा प्रतिनिधित्व करने के लिए एजीपी का एक प्रतिनिधि लाना था। बरपेटा निर्वाचन क्षेत्र में फणिभूषण चौधरी की जीत के बाद आज हमने यह लक्ष्य हासिल कर लिया है। एक दशक के बाद इस अवसर प्राप्त करके हम असम के लोगों के प्रति बहुत आभारी हैं। उल्लेखनीय है कि 2009 में एजीपी के जोसेफ टप्पो तेजपुर लोकसभा क्षेत्र से आखिरी लोकसभा सांसद थे। उसके बाद एजीपी का कोई नेता लोकसभा के लिए नहीं चुना गया था। लेकिन इस बार फणीभूषण चौधरी ने वह कमी पूरी कर दी। वहीं दूसरी ओर, यूपीपीएल अध्यक्ष और बीटीएडी प्रमुख प्रमोद बोड़ो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही उनकी टीम आज यह सफलता हासिल कर सकी है। पत्रकार के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए एनडीए पूरी तरह एकजुट है। हजार कोशिशों के बावजूद इंडिया अलायंस सरकार नहीं बना सकती। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ लोकसभा में ही नहीं, बल्कि पहली बार संसद में प्रतिनिधित्व करने जा रहे जयन्त बसुमतारी सदन में बोड़ोलैंड का मुद्दा भी उठाएंगे और समस्या का समाधान करने का भी प्रयास करेंगे।
अतुल बोरा व प्रमोद बोड़ो ने एनडीए की बैठक में लिया भाग