गर्मियों में मिलने वाले रंग- बिरंगे फल, ना सिर्फ मुंह का स्वाद सुधारते हैं बल्कि सेहत के लिए भी वरदान माने जाते हैं। ऐसे ही एक फल को लोग आलूबुखारा के नाम से भी जानते हैं। स्वाद में खट्टा-मीठा और कई पौष्टिक गुणों से भरपूर आलूबुखारा अंग्रेजी में प्लम नाम से पहचाना जाता है। बात अगर प्लम में मौजूद पोषक तत्वों की करें तो आलूबुखारे में प्रोटीन, विटामिन-सी, फैट, फाइबर और पोटैशियम भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। महिलाओं के लिए तो यह फल खासतौर पर फायदेमंद माना जाता है। इसके नियमित सेवन से कई समस्याएं दूर हो सकती हैं।
इम्यूनिटी- आलूबुखारे में मौजूद आयरन, पोटैशियम, विटामिन जैसे पौषक तत्व इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करते हैं। मजबूत इम्यूनिटी शरीर को बदलते मौसम से जुड़े संक्रमणों और सेहत से जुड़ी कई तरह की समस्याओं से बचाने में मददगार होती है।
डायबिटीज- प्लम का नियमित सेवन ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में भी मदद करता है। बता दें, प्लम खासतौर पर क्लोरोजेनिक एसिड नामक पॉलीफेनोल में समृद्ध होते हैं, कॉफी में भी यह यौगिक पाया जाता है, यह ब्लड शुगर को संतुलित करने के साथ भूख को भी नियंत्रित करने में मदद करता है। आलूबुखारा में पाया जाने वाला निम्न ग्लाइसेमिक इंडेक्स ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है, जिससे टाइप 2 डायबिटीज का खतरा कम होता है।
मोटापा- आलूबुखारे में मौजूद कैलोरी की कम मात्रा वजन कम करने में मदद कर सकती है। वहीं, फाइबर से भरपूर होने की वजह से भी आलूबुखारा फल को वजन कम करने में फायदेमंद माना जाता है।
हड्डियों में मजबूती- आलूबुखारा बोन लॉस को ना सिर्फ रोकता है, बल्कि धीरे-धीरे उसे रिवर्स भी करने में मदद करता है। ओक्लाहोमा स्टेट और फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटीज रिसर्च द्वारा किए गए एक अध्ययन के अनुसार, जिन महिलाओं ने आलूबुखारा खाया और विटामिन-डी और कैल्शियम के सप्लीमेंट लिए, उन महिलाओं की तुलना में उनकी रीढ़ और अग्रभाग में हड्डियों के घनत्व में काफी सुधार हुआ, जिन्होंने सूखे प्लम का सेवन किया और समान सप्लीमेंट लिए।