माले : भारत मालदीव में 2.3 करोड़ अमरीकी डॉलर की लागत वाली 65 सामुदायिक विकास परियोजनाओं की मदद कर रहा है और उनके कार्यान्वयन में लगातार प्रगति हुई है। भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। नवंबर 2023 तक भारत सरकार द्वारा मंजूर अनुदान सहायता के तहत मालदीव में 47 महत्वपूर्ण सामुदायिक विकास परियोजनाओं में से आठ पहले ही पूरी हो चुकी हैं। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि हाल के दिनों में राजनयिक विवाद के बावजूद भारत इस द्वीपीय देश में 36 करोड़ एमवीआर (2.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर) की लागत वाली 65 सामुदायिक विकास परियोजनाओं की मदद कर रहा है।

समाचार पोर्टल एडिशन.एमवी के मुताबिक कि हालांकि अनुदान भारत सरकार द्वारा दिया जा रहा है, लेकिन परियोजनाओं का चयन मालदीव सरकार द्वारा निर्धारित प्राथमिकता के क्रम में किया जाता है। इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन भी मालदीव सरकार द्वारा नियुक्त संस्थाओं द्वारा किया जाता है। भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर लिखा, ''ग्रेटर माले कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट (जीएमएसपी) की निरंतर प्रगति देखकर खुशी हुई, जिसे भारतीय अनुदान और 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर के रियायती ऋण के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। जीएमसीपी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है, जो आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी और मालदीव में जीवन को आसान बनाएगी।