नई दिल्ली : दिल्ली में बुधवार को गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और यहां मुंगेशपुर इलाके में अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राष्ट्रीय राजधानी में अब तक दर्ज किया गया सर्वाधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि वह किसी भी संभावित त्रुटि के लिए क्षेत्र के मौसम विज्ञान केंद्र के सेंसर और आंकड़ों की जांच कर रहा है। राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर भारत के कई हिस्से पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। यहां कम से कम तीन मौसम केंद्रों - मुंगेशपुर, नरेला और नजफगढ़ - ने मंगलवार को भी लगभग 50 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। दिल्ली के प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार 17 जून, 1945 में दिल्ली का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
आईएमडी ने एक बयान में कहा कि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान शहर के अलग-अलग हिस्सों में 45.2 डिग्री सेल्सियस से लेकर 49.1 डिग्री सेल्सियस तक रहा। मुंगेशपुर में अन्य मौसम विज्ञान केंद्रों की तुलना में 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सेंसर में त्रुटि या स्थानीय कारक के कारण हो सकता है। आईएमडी आंकड़ों और सेंसर की जांच कर रहा है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली में 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान बहुत कम होने की संभावना है।आईएमडी में हमारे वरिष्ठ अधिकारियों को समाचार रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए कहा गया है। आधिकारिक स्थिति जल्द ही बताई जाएगी।
आंकड़ों के अनुसार, शहर के अन्य इलाकों में भी गर्मी रही और नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री सेल्सियस, पूसा में 49 डिग्री सेल्सियस और नरेला में 48.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान से शहर में गर्म हवाएं चलने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में तापमान बढ़ गया। दिल्ली में बुधवार शाम अचानक मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए तथा कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई जिससे दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिली। हालांकि, इससे आर्द्रता का स्तर बढ़ सकता है, जिससे लोगों की बेचैनी बढ़ सकती है, क्योंकि पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी लू और गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। आईएमडी के अनुसार, दिन के दौरान दिल्ली की सापेक्ष आर्द्रता 43 प्रतिशत से 30 प्रतिशत के बीच रही।
मई के अंतिम दिनों में शहर में तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।आईएमडी ने बृहस्पतिवार के लिए आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका जताई है। साथ ही गरज और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के मद्देनजर बुधवार को निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों को दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक वेतन सहित अवकाश देने तथा नारियल पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से संवेदनशीलता की कमी पर चिंता जताई।
स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल पर पलटवार करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार गर्मी को लेकर उपराज्यपाल कार्यालय के सक्रिय होने से पहले ही भीषण गर्मी की चुनौती से निपटने की तैयारी कर रही थी और उन्होंने सक्सेना से नकारात्मकता छोड़ने का आग्रह किया। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि भीषण गर्मी को देखते हुए बस स्टैंड पर पानी के घड़े रखवाएं जाएं। इस मुद्दे पर उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और संबंधित मंत्रियों की 'संवेदनहीनता' और 'गंभीरता की कमी' का भी आरोप लगाया और कहा कि अभूतपूर्व भीषण गर्मी की स्थिति के बावजूद मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया।