पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : पिछले कुछ दिनों से देश के कुछ राज्यों को छोड़कर देश में गर्मी का प्रकोप जारी है। अभी जेठ महीने के दस दिन ही हुए है लेकिन गर्मी प्रदेश को झुलसा रही है। राज्य के तेजपुर, माजबाट, नगांव और डिफू सहित राज्य के कई हिस्सों में गर्मी ने जनजीवन को असहनीय बना दिया है। उल्लेखनीय है कि 20 मई से ही पूरे राज्य में गर्मी का प्रकोप जारी है। शुक्रवार तक पिछले पांच दिनों से रोजाना तापमान बढ़ रहा है। गुवाहाटी के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान कार्यालय ने कहा कि 26 मई तक तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। हालांकि, इस बीच गुवाहाटी के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में कुछ मौसमी घटनाओं और कम दबाव के कारण 26 मई से पूर्वोत्तर के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
वहीं, कुछ इलाकों में गरज और तूफान के साथ बारिश भी हो सकती है और बिजली गिरने की भी आशंका है। इसलिए जब तक आसमान में बादल न छा जाएं और बारिश न हो जाए तब तक लोगों के लिए गर्मी से जूझने के अलावा कोई चारा नहीं है। शुक्रवार के दिन दिसपुर में राज्य तथा पूर्वोत्तर का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। दिसपुर में दोपहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसके बाद सिलचर शहर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
शुक्रवार को राज्य के कई शहरों में दर्ज किया गया अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा, डिब्रूगढ़ में सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोरहाट में तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर बढ़कर 36.8 डिग्री सेल्सियस हो गया, उत्तरी लखीमपुर में सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा और धुबड़ी में तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर बढ़कर 37.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। कुछ स्थानों पर रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से जूझना पड़ा। पर्यावरणविदों का कहना है कि प्रकृति के विनाश के कारण असम और पूर्वोत्तर में इस साल की स्थिति पिछले साल से भी बदतर है।