नई दिल्ली : पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास चीन की सैन्य मौजूदगी और सीमापार आतंकवादी गतिविधियों को पाकिस्तान के समर्थन के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि समझौतों का अनादर और कानून के शासन की अवहेलना किए जाने के कारण एशिया में भूमि और समुद्र में नए तनाव पैदा हुए हैं। जयशंकर ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम में मुद्रा की ताकत पर भी बात की। उन्होंने यह भी कहा कि कि वैश्विक कूटनीति के तौर पर 'प्रतिबंधों की धमकी' का किस प्रकार इस्तेमाल किया जा रहा है। जयशंकर का यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ ही दिन पहले भारत और ईरान के बीच चाबहार बंदरगाह पर समझौता होने के बाद अमरीका ने प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी थी।
जयशंकर ने यूक्रेन युद्ध के परिणामों, पश्चिम एशिया में हिंसा में वृद्धि और जलवायु घटनाओं, ड्रोन हमलों की घटनाओं, भू-राजनीतिक तनाव एवं प्रतिबंधों के मद्देनजर साजो-सामान संबंधी व्यवधान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सीआईआई की वार्षिक आम बैठक में कहा कि दुनिया तीन 'एफ' यानी 'फ्यूल, फूड, फर्टीलाइजर' (ईंधन, भोजन और उर्वरक) के संकट से जूझ रही है। समझौतों का अनादर और कानून के शासन की अवहेलना किए जाने के कारण एशिया में भूमि और समुद्र में नए तनाव पैदा हुए हैं। जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद और अतिवाद ने उन्हें निगलना शुरू कर दिया है जो लंबे समय से इसका सहारा लेते आए हैं। कई मायनों में, हम वास्तव में एक तूफान से गुजर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के लिए महत्वपूर्ण है कि वह खुद पर इसका कम से कम प्रभाव पडऩे दे और जहां तक संभव हो सके, दुनिया को स्थिर करने में योगदान दे। 'भारत प्रथम' और 'वसुधैव कुटुंबकम' का विवेकपूर्ण संयोजन हमारी छवि को 'विश्व बंधु' के रूप में परिभाषित करता है। परोक्ष तौर पर चीन के संदर्भ में जयशंकर ने आर्थिक गतिविधियों को हथियार बनाए जाने और राजनीतिक दबाव डालने के लिए कच्चे माल तक पहुंच या यहां तक कि पर्यटन की स्थिरता का उपयोग राजनीतिक दबाव डालने के लिए किए जाने पर भी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि हमारी चिंताओं का एक अलग आयाम अत्यधिक बाजार हिस्सेदारी, वित्तीय प्रभुत्व और प्रौद्योगिकी ट्रैकिंग के संयोजन से उत्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके बीच, उन्होंने वास्तव में किसी भी प्रकार की आर्थिक गतिविधि को हथियार बनने दिया है। हमने देखा है कि कैसे निर्यात और आयात, कच्चे माल तक पहुंच या यहां तक कि पर्यटन की स्थिरता का उपयोग राजनीतिक दबाव डालने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि साथ ही मुद्रा की शक्ति और प्रतिबंधों के खतरे को अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति के 'टूलबॉक्स' में लगाया गया है। विदेश मंत्री जयशंकर ने अनिश्चित रसद और आपूर्ति शृृंखला की चुनौतियों पर प्रकाश डाला।