पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : 55 साल पहले एक इंसान को चांद पर उतार कर सारी मानवजाति को चौंका देने वाले अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा अब अंतरिक्ष विज्ञान को एक साथ कई योजन दूर ले जाते हुए चंद्रमा पर ट्रेन चलाने की योजना बना रहा है। नासा ने भविष्य में चंद्रमा पर मानव गतिविधियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए चंद्रमा पर एक संपूर्ण रेलवे प्रणाली स्थापित करने की योजना बनाई है।
नासा ने अपनी योजना सार्वजनिक करते हुए जानकारी दी है कि यह एक रोबोटिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम होगा जिससे भविष्य में चंद्रमा की यात्रा करने वाले या लंबे समय तक चंद्रमा पर रहने वाले लोगों की यातायात में सुविधा होगी। यह नासा के नए आर्टेमिस मिशन का हिस्सा है।
गौरतलब है कि नासा 1972 के बाद आर्टेमिस मिशन के साथ फिर से एक मानव अंतरिक्ष यात्री को चंद्रमा पर भेजेगा। सितंबर 2026 में आर्टेमिस अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा पर उतरेगा। 2030 में नासा चंद्रमा पर एक स्थायी आधार स्थापित करेगा जहां से वह मंगल ग्रह पर मिशन लॉन्च करेगा। इस दौरान रेलवे सिस्टम स्थापित किया जाएगा। हालांकि, यह दैनिक परिवहन का साधन नहीं होगा।