पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बसु के सैक्स स्कैंडल को लेकर भाजपा असहज स्थिति में हैं। इधर बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्यपाल बसु के सेक्स स्कैम को चुनावी मुद्दे के तौर पर लिया है। हालांकि ममता बनर्जी इस आरोप से भी शर्मिंदा हैं कि तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख और उनके सहयोगियों ने संदेशखाली में कई महिलाओं के साथ बलात्कार किया। बंगाल में एक स्थानीय भाजपा नेता ने  स्टिंग ऑपरेशन की बात कबूल की है कि यह घटना भाजपा द्वारा रची गई एक सुनियोजित साजिश है। इससे बंगाल में सनसनीखेज स्थिति है। ऐसे समय में भाजपा को बचाने और ममता बनर्जी को हराने के मकसद से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा बंगाल में प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा गुरुवार को उड़ीसा में चुनाव प्रचार के बाद शुक्रवार को बंगाल के लिए रवाना होंगे।

डॉ. शर्मा ने गुरुवार को उड़ीसा के मलकानगिरी, खलीकोटा और चित्रकोंडा में चुनाव प्रचार किया और शुक्रवार को ममता बनर्जी के अभेद्य गढ़ पश्चिम बंगाल में प्रचार करेंगे। हिमंत विश्व शर्मा बंगाल में कई चुनाव प्रचार रैलियों में शामिल होंगे। इस वजह से पूर्व विधायक शिलादित्य देब के नेतृत्व में असम भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पहले से ही बंगाल के लिए रवाना हो चुका है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में पश्चिम बंगाल के संवैधानिक प्रमुख होने के नाते राज्यपाल सीवी आनंद बोस का राज्य सरकार से हर बात पर टकराव होता रहा है। इस बीच वीडियो जारी किया गया कि सेक्स स्कैंडल और संदेशखाली में बलात्कार के मामले की साजिश भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने रची थी जिसे लेकर लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा में खलबली मची हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष नेता इस उम्मीद में प्रचार कर रहे हैं कि इस बार पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव में पहले से बेहतर परिणाम मिलेंगे। लेकिन इस दोहरे झटके से भाजपा का चुनाव प्रचार चौपट हो रहा है। पिछले गुरुवार को राजभवन की एक महिला कर्मचारी द्वारा राज्यपाल सीवी आनंद बोस पर लगाए गए यौन उत्पीडऩ के आरोप से भाजपा को शर्मसार होना पड़ा है। हालांकि राज्यपाल किसी राज्य का संवैधानिक प्रमुख होता है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने बार-बार दावा किया कि वह भाजपा का प्रतिनिधि है क्योंकि राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से आनंद बोस हर मुद्दे पर ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ संघर्ष में शामिल रहे हैं।

ऐसी परिस्थितियों में राज्यपाल पर एक महिला कर्मचारी द्वारा यौन शोषण का आरोप लगाए जाने की घटना भाजपा के लिए राजनीतिक नुकसान माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय भाजपा नेता गंगाधर कयाल ने एक स्टिंग ऑपरेशन में स्वीकार किया है कि संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख और उनके सहयोगियों द्वारा कई महिलाओं के साथ कथित बलात्कार भाजपा की साजिश थी। इस घटना से पूरे राज्य में सनसनी फैल गई है। वीडियो में ताकतवर भाजपा नेता शुभेंदु मुखर्जी द्वारा पैसों की कीमत पर लगाए गए आरोपों को दर्शाया गया है। बाद में एक महिला जिसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया था और एक अन्य महिला जिसकी भाभी पर बलात्कार का आरोप है उन्होंने अब मीडिया के सामने स्वीकार कर लिया है कि वे बलात्कार की शिकार नहीं थीं। इसलिए, अब यह स्पष्ट हो गया है कि संदेशखाली की बलात्कार की घटना भाजपा की एक सुनियोजित साजिश है।