मुंबई : आर्यन खान ड्रग मामले में वृहस्पतिवार को शाहरुख खान के घर मन्नत में एनसीबी की टीम पहुंची। एनसीबी के अधिकारी शाहरुख खान के घर नोटिस देने गए थे। इस नोटिस में लिखा है कि अगर आर्यन खान के पास किसी भी प्रकार का और कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है तो उसे एनसीबी को सौंप दें। एनसीबी के अधिकारी वीवी सिंह शाहरुख के घर पहुंचे थे। उनके मुताबिक जांच से जुड़ा हुआ कुछ पेपर वर्क रह गया है, जिसे वह पूरा कर रहे हैं। क्रूज ड्रग्स मामले में शाहरुख के बेटे आर्यन खान की जमानत याचिका को सेशंस कोर्ट ने 20 अक्तूबर को खारिज कर दिया था। आर्यन के वकील ने अब बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। जस्टिस नितिन डब्ल्यू साम्ब्रे की अदालत में आर्यन खान के वकील ने जमानत याचिका दाखिल की है। इस मामले में 26 अक्तूबर यानी मंगलवार को सुनवाई होगी। इसका मतलब यह है कि आर्यन को 26 अक्तूबर तक जेल में ही रहना पड़ेगा। इतना ही नहीं शाहरुख खान के अलावा एनसीबी की एक टीम चंकी पांडेय की बेटी अनन्या पांडे के घर भी पहुंची। अनन्या पांडे के फोन को एनसीबी ने जब्त कर लिया है। एनसीबी के सामने अनन्या को 2 बजे हाजिर होना है।  दूसरी ओर आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान से मिलने वृहस्पतिवार को उनके पिता और अभिनेता शाहरुख खान पहुंचे। पिता और पुत्र के बीच तकरीबन 18 मिनट तक मुलाकात चली। हालांकि जेल प्रशासन नियम के मुताबिक सिर्फ 10 मिनट की मुलाकात की बात मान रहा है। मुलाकात के दौरान शाहरुख को देखते ही आर्यन भावुक हो गए। उनके साथ आए जेल के एक संतरी ने उन्हें संभाला और फिर दोनों ने इंटरकॉम पर एक दूसरे से बात की। इस बीच एनसीबी की स्पेशल कोर्ट ने आर्यन की न्यायिक हिरासत 30 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। आर्यन, उनके दोस्त अरबाज मर्चेंट समेत सभी 8 आरोपियों को अब 30 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा। आर्यन खान की शाहरुख खान से मुलाकात जेल में बने एक कैबिनेट में हुई। यहां शीशे की एक दीवार के बीच एक तरफ आर्यन थे और दूसरी तरफ शाहरुख। शाहरुख के साथ उनके स्टाफ के भी कुछ लोग थे, लेकिन उन्हें शाहरुख के साथ कैबिनेट में जाने की मंजूरी नहीं दी गई। जेल सूत्रों की मानें तो पिता को देखते ही आर्यन टूट गए और रोने लगे। 2 अक्टूबर को गिरफ्तार होने के बाद यह पहली बार है, जब आर्यन के परिवार का कोई सदस्य उनसे मिलने पहुंचा। मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में आरोपी आर्यन खान को हाईकोर्ट से अभी राहत नहीं मिली है। उनके वकील की ओर से दायर याचिका को बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई 26 अक्टूबर यानी मंगलवार तक के लिए टाल दी है। तब तक आर्यन को आर्थर रोड जेल में ही रहना होगा।