पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता सिलचर : बराक घाटी में स्वाइन फ्लू से एक और बच्चे की मौत हो गई। जिससे बराक घाटी में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई। सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान स्वाइन फ्लू से एक बच्चे की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सामाजिक और निवारक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ अजीत डे ने कहा कि सिलचर शहर के उत्तरी कृृष्णपुर के निवासी चार महीने के बच्चे को निमोनिया के कारण 12 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बाद में बच्चे को स्वाइन फ्लू होने का पता चला। मंगलवार की सुबह बच्चे की मौत हो गई। इसके अलावा दो बच्चों का अभी स्वाइन फ्लू का इलाज चल रहा है। एक उत्तरी कृृष्णपुर का रहने वाला है और दूसरा सिलचर के दूधपाटिल इलाके का रहने वाला है। उल्लेखनीय है कि 4 मई को हैलाकांडी जिले के लाला सैदपुर गांव की एक बच्ची की स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी। इस बीच कछार स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आशुतोष बर्मन ने कहा कि स्वाइन फ्लू का प्रकोप होने पर भी घबराने की कोई बात नहीं है। हालांकि, बच्चों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और जिन अन्य लोगों में लक्षण दिखें उन्हें भी तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विभाग ने पहले ही कई एहतियाती कदम उठाए हैं। डॉ. बर्मन ने कहा कि स्वाइन फ्लू के मामले पाए जाने के कारण पशुपालन विभाग को सुअर फार्मों और अन्य सुअर पालन क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। हालांकि, किसी भी संक्रमित व्यक्ति के सूअरों के संपर्क में आने की सूचना नहीं मिली है।