नई दिल्ली : देश में लोकसभा चुनाव- 2024 के तीसरे चरण के तहत 12 राज्यों की 94 सीट के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम छह बजे थम गया। इन सीट पर सात मई यानी मंगलवार को मतदान होगा। इस चरण में जिन सीट पर चुनाव होंगे, उनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश की नौ, छत्तीसगढ़ की सात, असम की चार और गोवा की दो सीट के चुनाव शामिल हैं। मध्यप्रदेश की नौ सीट के लिए    चुनाव के दौरान तीन बड़े दिग्गजों शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह का राजनीतिक भविष्य तय होगा। इस दौरान 1.77 करोड़ से अधिक मतदाता नौ सीट के लिए मैदान में उतरे 127 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीट शामिल हैं।  मध्य प्रदेश की इन नौ सीट में मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका वे पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है। राजगढ़ सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 77-वर्षीय दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। भाजपा को मध्य प्रदेश की सभी 29 सीट पर अपनी जीत की उम्मीद है।  छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट में से जिन सात सीट पर चुनाव होंगे, उनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा (एससी), कोरबा, सरगुजा (एसटी) और रायगढ़ (एसटी) सीट शामिल है।  छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में चुनाव होने हैं। नक्सल प्रभावित बस्तर (एसटी) में 19 अप्रैल को और राजनांदगांव, कांकेर (एसटी) और महासमुंद सीट के लिए 26 अप्रैल को मतदान हो चुका है। छत्तीसगढ़ की सात सीट के लिए 168 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 1,39,01,285 है।  गुजरात की 26 लोकसभा सीट में से 25 लोकसभा सीट और पांच विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रचार थम गया है। प्रस्तावकों के हस्ताक्षर में गड़बड़ी के कारण कांग्रेस के नीलेश कुंभाणी का नामांकन खारिज होने और अन्य उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के मुकेश दलाल सूरत से पहले ही निर्विरोध जीत चुके हैं। गुजरात के प्रमुख उम्मीदवारों में गांधीनगर सीट से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पोरबंदर सीट से मनसुख मांडविया और राजकोट सीट से परषोत्तम रूपाला शामिल हैं।  वहीं गोवा की दो लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए 11 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं।  असम में तीसरे चरण में चार सीट- धुबड़ी, बरपेटा, कोकराझाड़ (एसटी) और गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के साथ ही राज्य की सभी 14 सीट के लिए मतदान संपन्न हो जाएगा।  असम में बरपेटा सीट से सबसे अधिक 14 उम्मीदवार हैं, जबकि गुवाहाटी सीट से सबसे कम आठ उम्मीदवार हैं। गुवाहाटी में भाजपा की बिजुली कलिता मेधी और कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बरठाकुर गोस्वामी के बीच सीधा मुकाबला है, दोनों पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। बरपेटा सीट पर राजग की सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) के उम्मीदवार फणीभूषण चौधरी, माकपा के मनोरंजन तालुकदार और कांग्रेस के दीप बायन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। धुबड़ी सीट पर एआईयूडीएफ के कद्दावर नेता बदरुद्दीन अजमल समेत 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जो चौथी बार लोकसभा में पहुंचने के प्रयास में हैं। अजमल, कांग्रेस विधायक रकीबुल हुसैन और राजग की सहयोगी एजीपी के जावेद इस्लाम के बीच इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।  कोकराझाड़ (एसटी) पर राजग की सहयोगी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के जयंत बसुमतारी, कांग्रेस के गर्जन मुसाहरी और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के कंपा बरगयारी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने का अनुमान है। महाराष्ट्र की 48 में से जिन 11 सीट पर चुनाव होगा, उनमें बारामती सीट भी शामिल है, जहां शराद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का मुकाबला सुनेत्रा पवार (महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी) से है। इसके अलावा महाराष्ट्र की रायगढ़, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हटकनंगले सीट पर भी तीसरे चरण में चुनाव होगा। महाराष्ट्र के प्रमुख उम्मीदवारों में कोल्हापुर सीट से कांग्रेस के साहू छत्रपति, सतारा सीट से भाजपा के उदयनराजे भोसले और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से केंद्रीय मंत्री नारायण राणे शामिल हैं। शाहूद छत्रपति शाही परिवार से हैं।