गुवाहाटी : असम मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को फैंसी बाजार के लोगों भरोसा दिलाते हुए कहा कि ऐसा पहली बार हुआ जब सूबे में रहने वाले असमिया, मारवाड़ी, बिहारी और बंगाली समुदाय के बीच अब किसी प्रकार का भेदभाव नहीं बरता जा रहा है। सभी के अंदर भारतीयता का भाव देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने तीसरे चरण के तहत होने चुनाव में खड़े गुवाहाटी संंसदीय क्षेत्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी बिजुली कलिता मेधी के समर्थन में फैंसी बाजार में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए इशारों में विपक्षी दलों खासतौर पर कांग्रेस के तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि असम में एक समय ऐसा था जहां उपाधि देखकर लोगों के साथ भेदभाव किया जाता था, लेकिन मजबूत नेतृत्व के कारण आज असम में किसी भी समुदाय के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। यहां तक सभी समाज में समरसता तथा भारतीयता का भाव देखा जा रहा है।

भाजपा नीत गठबंधन की सरकार में सभी के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है। आज इन समाज  के लोग असम के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि असम में एक ऐसा दौर चला जहां हर तरफ गोली-बारूद की आवाज सुनाई देती थी, लोग घर से बाहर निकलते थे, लेकिन उनके मन हमेशा कुछ अनहोनी न हो जाए ऐसी आशंकाएं बनी रहती थी। आज वह दौर खत्म हो चुका है। राज्य में शांति स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत ने दावा करते हुए कहा कि पिछले तीन साल के दौरान किसी प्रकार की गोलीबारी या बम-बारूद विस्फोट की घटना नहीं घटी। यहां तक आज व्यापारियों के साथ कोई गुंडागर्दी नहीं करता है, अगर कहीं से ऐसी कोई खबर आती है तो ऐसे लोगों पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, जिसके कारण व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को देर तक खुली रखते हैं।

भाजपानीत गठबंधन की मजबूत सरकार ने असम से बंद, आंदोलन और हड़ताल की संस्कृृति खत्म कर दी है। मुख्यमंत्री ने देश के उत्थान में असम के व्यापारियों के योगदानों की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले अप्रैल महीने में असम के कारोबारियों ने 25 प्रतिशत  अधिक जीएसटी देकर एक नया रिकार्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के कुशल नेतृत्व के कारण ही आज व्यापार-उद्योग, निर्माण क्षेत्र और ढांचागत विकास के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। उन्होंने कहा कि आज असम के शांतिपूर्ण माहौल के कारण ही जागीरोड इलाके में 30 सौ करोड़ का निवेश हुआ है। मुख्यमंत्री विश्वास भरे लहजे में कहा कि आज असम के हर क्षेत्र में जो विकास हुआ है वह तो एक ट्रेलर है,  अभी तो पूरी पिक्चर बाकी है।

उल्लेखनीय है कि उन्होंने चुनावी सभा के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के बाल विवाह, अयोध्या के राम मंदिर,तीन तलाक, धारा 370 जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं ने पूरे देश को उकसाने की कोशिश की थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व ने सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया। देश के किसी कोने में सांप्रदायिक दंगा-फसंाद जैसी कोई घटना नहीं  घटी। उन्होंने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि असम को फिर से कुछ लोग अशांत वातावरण पैदा करना चाहते हैं, लेकिन जब तब मैं हूं ऐसे किसी भी नापाक मंसूबे को पूरा नहीं होने दूंगा। मुख्यमंत्री ने फैंसी बाजार के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि देश को मजबूत हाथों में देने के लिए भाजपा गठबंधन के पक्ष में मतदान करें।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के चुनावी सभा बड़ी संख्या लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभा के अंत में उन्होंने भाजपा नेताओं और समर्थकों के साथ डांस किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद भुवनेश्वर कलिता,मौजूदा सांसद क्वीन ओजा, महावीर स्वामी, भाजपा नेता विजय कुमार गुप्ता, स्थानीय पार्षद प्रमोद स्वामी, पार्षद सौरभ झुनझुनवाला,फैंसी बाजार के वरिष्ठ लोग, बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने आज  फैंसी बाजार, धीरेनपाड़ा और गणेशपाड़ा सहित अन्य कई स्थानों पर प्रचार किया जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।