गर्मियां आते ही धूप का कहर बढ़ने लगता है। जरूरत से ज्यादा गर्मी ना सिर्फ त्वचा बल्कि पूरी सेहत के लिए नुकसानदेह होती है। व्यक्ति चाहे कितनी ही कोशिश कर ले लेकिन धूप में जाने से पूरी तरह से परहेज नहीं कर पाता है। लेकिन, परेशानी तब आती है जब व्यक्ति धूप से आकर ऐसे कुछ काम करता है जो उसकी सेहत खराब करने वाले साबित होते हैं।
धूप से आकर नहीं करने चाहिए ये काम:-
घर आते ही एसी चला लेना : बाहर की गर्माहट से जब एकदम एसी की हवा में आया जाता है तो ठंडे-गर्म के कारण तबीयत बिगड़ सकती है। जबतक पसीना सूख ना जाए और शरीर का तापमान कम ना हो जाए तबतक एसी नहीं चलाना चाहिए।
धूप से आते ही नहा लेना : धूप में बहुत ज्यादा देर रहने से शरीर का तापमान जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है। अगर घर आते ही तुरंत नहा लिया जाए तो लू लगने की संभावना बढ़ जाती है। इससे मांसपेशियों में जकडऩ भी बढ़ती है। इसीलिए धूप से आकर फौरन नहीं नहाना चाहिए।
ठंडा पानी पीना : शरीर गर्म हो और उसपर ठंडा पानी पी लिया जाए तो सबसे पहले तो गला खराब होता है। फिर लू लग सकती है और कई बार व्यक्ति को बुखार भी आ जाता है। ऐसे में धूप से घर आने के बाद कुछ देर पानी नहीं पीना चाहिए और पानी पीना भी है तो सामान्य तापमान का पानी पीना चाहिए। इससे बीमार पड़ने का खतरा कम होगा।
ठंडा खाना खाना : जिस तरह धूप से आते ही कुछ ठंडा नहीं पीना चाहिए उसी तरह घर आने के तुरंत बाद कुछ ठंडा खाने से भी परहेज करना चाहिए। पहले कुछ देर आराम करें, शरीर का तापमान सामान्य होने दें और उसके बाद ही कुछ खाएं।
हाइड्रेशन की कमी : कई बार लोग धूप से घर आते हैं और आते ही सो जाते हैं। बिना कुछ खाए-पिए ही सो जाने पर शरीर में पानी की कमी हो सकती है जिससे लू लग जाती है। इसीलिए घर आने के बाद कुछ देर रुकें और उसके बाद कोई शरबत, नींबू पानी या सत्तू वगैरह पिएं।