नई दिल्ली : राहुल गांधी को लेकर पूर्व पाकिस्तानी मंत्री चौधरी फवाद हुसैन की एक पोस्ट से नया बखेड़ा खड़ा हो गया। दरअसल पूर्व पाकिस्तानी मंत्री ने बुधवार को एक्स (ट्विटर) पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण के कुछ अंश शेयर किए। इसको लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। पाकिस्तानी नेता ने वीडियो के साथ लिखा, राहुल ऑन फायर। इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने फवाद चौधरी द्वारा राहुल गांधी की प्रशंसा करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता स्पष्ट है। भाजपा नेता ने लिखा, कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ।

शहजाद पूनावाला ने लिखा कि इससे पहले हाफिज सईद ने कहा था कि कांग्रेस उसकी पसंदीदा पार्टी है.. पीएम मोदी को हटाने के वास्ते समर्थन मांगने के लिए मणि अय्यर पाकिस्तान गए थे! हमें याद है कि हाल ही में कांग्रेस नेताओं द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए थे और बीके हरिप्रसाद ने खुलेआम पाक के लिए वकालत की थी। समय-समय पर कांग्रेस नेताओं ने पाकिस्तानी आतंकवादियों का भी बचाव किया। आज रिश्ता साफ है - कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ! मुस्लिम लीग के घोषणापत्र से लेकर मुस्लिम लीग बनने तक...। पाकिस्तान का बयान इंडिया गठबंधन के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उसने कहा है कि आइए वोट जिहाद करें।

फर्रुखाबाद लोकसभा सीट से विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार नवल किशोर शाक्य के लिए वोट मांगते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता मारिया आलम ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को हटाने के लिए 'वोट जिहाद' की अपील की थी और इसे अल्पसंख्यक समुदाय के लिए मौजूदा हालात में जरूरी बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की भतीजी मारिया आलम सोमवार को खुर्शीद की मौजूदगी में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं।

वहीं पाकिस्तान नेता के पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि पाकिस्तान के साथ कांग्रेस का गठबंधन इससे ज्यादा और स्पष्ट नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि इमरान खान कैबिनेट में सूचना और प्रसारण मंत्री के रूप में काम कर चुके चौधरी फवाद हुसैन राहुल गांधी को बढ़ावा दे रहे हैं। क्या कांग्रेस पाकिस्तान में चुनाव लडऩे की योजना बना रही है? पाकिस्तानी नेता ने जो वीडियो साझा किया, उसमें राहुल गांधी राम मंदिर उद्घाटन के बारे में बोल रहे थे और पूछ रहे थे कि क्या इस अवसर पर किसी गरीब व्यक्ति को आमंत्रित किया गया था।