पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : असम में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में रिकॉर्ड दर से बढ़ोत्तरी हुई है। विगत 2023 वर्ष के मार्च की तुलना में इस साल मार्च में असम में जीएसटी संग्रह 25 प्रतिशत बढ़ गया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के मुताबिक विगत 2023 वर्ष के मार्च में असम में जीएसटी कलेक्शन 1,513 करोड़ रुपए रहा। इसके विपरीत असम ने इस साल मार्च में 1,895 करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह किया। असम के मुकाबले पूरे देश में जीएसटी संग्रह दर रिकॉर्ड ऊंचाई पर है।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के मुताबिक अप्रैल में देश में जीएसटी कलेक्शन 2.10 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। इसका मतलब है कि पिछले साल की तुलना में इस साल जीएसटी में 12.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। गौरतलब है कि मार्च 2024 में सरकारी खजाने में जीएसटी के लिए 1.78 लाख करोड़ रुप संग्रहित हुए थे। हालांकि,अप्रैल 2023 में जीएसटी कलेक्शन 1.87 लाख करोड़ रुपए रहा,जो उस समय तक सर्वकालिक रिकॉर्ड था। हालांकि, इस साल अप्रैल में जीएसटी कलेक्शन 2.10 लाख करोड़ रुपए हुए जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसी तरह, देश में एसजीएसटी संग्रह पिछले वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत बढ़ा है।
पिछले एक साल में असम में एसजीएसटी संग्रह 21 प्रतिशत रही। इस दौरान केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने एक ट्वीट में कहा कि इस वर्ष अप्रैल में जीएसटी बकाया के लिए राज्य को लौटाए गए मुआवजे को छोड़कर सरकार का राजस्व 1.92 लाख करोड़ रुपए है जो अप्रैल 2020 की आय से 17 प्रतिशत अधिक है।