गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार में लगे असम के मुख्यमंत्री ने हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड आएगा, इसे कोई रोक नहीं सकता। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी देश को विश्व गुरु बनाने जा रहे हैं। एक टीवी साक्षात्कार के दौरान सीएम हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि बीजेपी का अपना 370 और एनडीए का 400 पर का टारगेट है। हम उसी की ओर बढ़ रहे हैं। पहले दो चरण का हमारा जो इंटरनल असेसमेंट है, वह बहुत ही संतोषजनक है।
उन्होंने राहुल गांधी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि वो प्रॉपर्टी टैक्स लाएंगे, सैम पित्रोदा ने कहा इन्हेरिटेंस टैक्स लगाएंगे और पर्सनल लॉ को बरकरार रखेंगे, यानी कि वो यूसीसी नहीं जाएंगे। सीएम हिमंत ने कहा कि पीएम साहब ने जब इन मुद्दों को उठाया तो कांग्रेस नर्वस हो गई और बौखलाहट में इतना गिर गई कि देश के गृहमंत्री का वीडियो फेक बनाने लगी। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह का भी एक फेक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इसपर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि ये वीडियो एक घृणित अपराध है। जो भी इसके पीछे है उसे कठोर सजा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि असम में एक शख्स ने इस वीडियो को सर्कुलेट किया था उसे हमने अरेस्ट किया है। उसके पास ये वीडियो कहां से आया इसका एक लिंक स्टैबलिश होगा। सीएम ने आगे कहा कि देश के संविधान निर्माता ने नेहरू से लेकर पटेल तक यह लिखा कि जब भी अनुकूल वातावरण आएगा तो देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड आएगा। हिंदू का तो कोई पर्सनल लॉ है नहीं। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें तो कोई शक नहीं है कि देश में यूसीसी लागू हो जाएगा।
राम मंदिर का मामला था वह हो गया। धारा 370 का मामला था वह भी हो गया। अब आगे एक यूसीसी का मामला है उसको भी लागू कर दिया जाएगा, कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि सीएए का रूल हमने नोटिफाई कर दिया है। चुनाव के बाद इसका इंप्लीमेंटेशन होना शुरू होगा। राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए सीएम हिमंत ने कहा कि वह हमेशा कहते हैं कि पीएम डर गए, लेकिन पीएम मोदी देश को विश्व गुरु बनाने जा रहे हैं।