पूर्वांचल प्रहरी निज व विशेष संवाददाता कोकराझाड़,बोंगाईगांव : कोकराझाड़ जिले के फकीराग्राम के पुराने बाजार मैदान में यूपीपीएल,भाजपा और असम गण परिषद की एक विशाल चुनावी सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि आप लोग एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी को ट्रैक्टर चिन्ह पर अपना वोट देकर जिताएंं। चुनाव बाद  50 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस नौकरी के लिए एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। साथ ही जिस घर में एक भी व्यक्ति  को नौकरी नहीं है, उस घर के लड़के को नौकरी के लिए आयोजित परीक्षा में अतिरिक्त 10 नम्बर दिए जाएंगे।

उन्होंने हग्रामा महिलरी और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज के दिन में कटे हुए हाथ का कोई कीमत नहीं है और हग्रामा महिलारी के फुटबॉल की हवा निकल चुकी है। इसलिए आप एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी को जिताएं। अगर जयंत बसुमतारी जीतते हैं तो तीन महीने के अंदर जिन लोगों के राशन कार्ड हैं उन सभी परिवार को अरुणोदय का लाभ मिलेगा। साथ ही कहा कि जिन छात्रों ने इस बार मैट्रिक परीक्षा पास की उन सभी को कॉलेजों में नि:शुल्क एडमिशन मिलेगा और छात्राओं के बैंक खातों में दस हजार रुपया दिया जाएगा। लखपति फार्म भरने वालीं सभी महिलाओं के खाते में दस हजार रुपया भेजा जाएगा, जो महिला दस हजार रुपया के अच्छे कामों में लगाएगी उसे और 25 हजार रुपए दिए जाएंगे।

साथ ही कहा कि जुलाई महीने में पुलिस की नौकरी और अक्टूबर में अन्य विभागों युवाओं की भर्ती की जाएगी, जिनके पास राशनकार्ड नहीं है उन्हें राशनकार्ड दिया जाएगा। इस अवसर पर बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोड़ो ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के नेतृत्व में असम का तेजी से विकास हो रहा है-रास्ता घाट, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत काम किया है। आज बीटीसी में शांति का माहौल कायम है। आगे चुनाव आता था तो हर अंचल में मारपीट, हत्या और हिंसा होती थी मगर आज चारों तरफ शांति का बोलबाला है।  नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए हम सभी काम कर रहे हैं। इस अवसर पर मंत्री यूजी ब्रह्म, रंजीत कुमार दास, विधायक लारेंस इसलारी, अगप की केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष कर्ण मोहन राय और बीटीसी के ईएम अरुप कुमार दे उपस्थित थे।

दूसरी ओर  मुख्यमंत्री  डॉ. हिमंत विश्व शर्मा  ने आज चिरांग जिला के कदमताली खेल मैदान में जनसभा कर चुनावी प्रचार किया। उक्त सभा में मुख्यमंत्री के साथ बीटीआर प्रमुख प्रमोद बोड़ो,  रंजीत दास, यूजी ब्रह्म, विधायक अजय राय, भास्कर शर्मा सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। बीटीआर के कार्यकारिणी सदस्य, परिषद के साथ-साथ एनडीए गठबंधन दलों के नेता के साथ हजारों के संख्या मे लोगों उपस्थित थे। मालूम हो कि कार्यक्रम में पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सभी बैरिकेड हटवा दिए और लोगों को आगे बढऩे को कहा और एक बार फिर मोदी सरकार की धुन पर गाने में नाचने लगे।