पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता

तामुलपुर : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने रविवार को कहा कि बीटीआर में अब बंदूक का राज नहीं,बल्कि शांति का राज है। इस शांति को बरकरार रखा जाएगा। शांति के इस माहौल के बीच हम बीटीआर का विकास करते रहेंगे। उन्होंने आज तामुलपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार जलेन दैमारी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जलेन दैमारी को वोट देने से भाजपा, अगप और यूपीपीएल सभी को वोट मिलेगा। जलेन को जीतने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने ट्रैक्टर के चुनाव चिन्ह पर वोट देकर बीटीआर के विकास में सभी को भागीदारी बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल में दो दल होते हैं, परंतु हमारे सामने रहने वाले दल के गोलपोस्ट पर कोई गोलकीपर नहीं है। अब हमें जितने चाहें, उतने गोल दाग सकते हैं। गोल देने के लिए कांग्रेस पार्टी ने जिस उम्मीदवार को खड़ा किया है, वह तामुलपुर की चार सीमा को भी नहीं जानता। उन्होंने कांग्रेसी उम्मीदवार भास्कर दहाल की चर्चा करते हुए कहा कि एक दिन चिरांग में, एक दिन तेजपुर में, एक दिन लखीमपुर में रहने वाला भास्कर दहाल तामुलपुर का क्या विकास करेगा ? तामुलपुर के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 के 26 जनवरी को तामुलपुर जिले के रूप में राष्ट्रीय झंडा फहराने के लिए वे खुद आएंगे। उन्होंने तीन महीने बाद कचुवारी में मेडिकल कॉलेज का काम शुरू करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनावी वादे के तहत प्रत्येक साल एक लाख बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी देने की बात भी दोहराई। इसी तरह मुख्यमंत्री ने तामुलपुर समेत बीटीआर के विकास में राज्य सरकार की ओर से जारी कई योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने भी अपना विचार व्यक्त किया। उन्होंने जलेन दैमारी को वोट देकर जिताने का सभी से आह्वान किया। दूसरी ओर मंत्री रंजीत कुमार दास ने चुनावी सभा में अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता दल, यूपीपीएल व अगप ने संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारा है। हमारी पार्टी ने यूपीपीएल से उम्मीदवार खड़ा करने का आह्वान किया। इस मौके पर असम गण परिषद के महासचिव डॉ. कमला कलिता ने भी अपना विचार व्यक्त किया। उन्होंने मतदाताओं से जलेन दैमारी को बहुमत दिलाने के लिए उनके पक्ष में वोट डालने की अपील की। इस अवसर पर मार्घेरिटा के विधायक भास्कर शर्मा, मंत्री यूजी ब्रह्म समेत यूपीपीएल, भाजपा व अगप के नेताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।