पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा वास्तव में कहां के मतदाता हैं? गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र या नवगठित दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र या कोई अन्य निर्वाचन क्षेत्र के? गौरतलब है कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने खुद को नवगठित दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होने का दावा किया था। हालांकि, शुक्रवार शाम 5 बजे तक आधिकारिक तौर पर दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने तक मुख्यमंत्री को दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र के किसी भी मतदान केंद्र पर मतदान करते नहीं देखा गया। लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या मुख्यमंत्री खुद मतदान से दूर रहे? उल्लेखनीय है कि सीएम डॉ. शर्मा ने मीडिया से कहा था कि मैं इस बार दरंग-उदालगुड़ी में मतदान करूंगा, क्योंकि मेरा वोट अमीनगांव में है। अमीनगांव का वह हिस्सा यानी बेजेरा विकास क्षेत्र दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र के तहत आता है। इसलिए मैं 26 अप्रैल की सुबह दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र में अपना वोट डालूंगा। लेकिन शुक्रवार को दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मुख्यमंत्री को न देखकर क्षेत्र के लोगों में निराशा व्याप्त हैं। गौरतलब है कि जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र के विधायक होने के नाते वे इसी निर्वाचन क्षेत्र के निवासी हैं और वर्षों से अमीनगांव में मतदान कर रहे हैं। इसलिए हर कोई यही सोच रहा है कि मुख्यमंत्री गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। हालांकि, निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्निर्धारण के परिणामस्वरूप इस बार सीएम डॉ. शर्मा का नाम बरपेटा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि मुख्यमंत्री जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं, लेकिन वर्तमान में वे नवगठित हाजो-सुवालकुची निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं और 224 अमीनगांव हाई स्कूल (पूर्वी शाखा) मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। इसका मतलब यह है कि मुख्यमंत्री चुनाव के तीसरे चरण में ही मतदान करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बरपेटा लोकसभा क्षेत्र के मतदाता होने के नाते उन्हें इस बार क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के बजाय गठबंधन एजीपी के उम्मीदवार को वोट देना होगा। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि क्या मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी है या नहीं कि गुवाहाटी या दरंग-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र की बजाए मुख्यमंत्री अब बरपेटा निर्वाचन क्षेत्र के एक नए मतदाता हैं।
मुख्यमंत्री का मतदान केंद्र कहां है?