गुवाहाटी : असम में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए दो महिलाओं सहित ऐसे कुल नौ उम्मीदवारों को चिह्नित किया गया है, जो आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।  ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के दो, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और  गण सुरक्षा पार्टी के एक-एक उम्मीदवार आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं, जबकि ऐसे शेष छह उम्मीदवार निर्दलीय हैं।  एआईयूडीएफ के अमीनुल इस्लाम, भाजपा के सुरेश बोरा और निर्दलीय शिखा शर्मा और अबू यूसुफ मोहम्मद रेहान उद्दीन मध्य असम के नगांव निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में आपराधिक रिकॉर्ड वाले उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है।

ढिंग निर्वाचन क्षेत्र से विधायक इस्लाम के खिलाफ चार मामले,भाजपा के सुरेश बोरा और निर्दलीय शिखा शर्मा के खिलाफ तीन-तीन मामले, एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार अबू यूसुफ मोहम्मद रेहानु द्दीन के खिलाफ एक मामला दर्ज हैं।  करीमगंज निर्वाचन क्षेत्र में तीन उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें एआईयूडीएफ के सहाबुल इस्लाम चौधरी और दो निर्दलीय अब्दुल कलाम मजूमदार और मुजक्किर हसन लस्कर के नाम शामिल हैं।  चौधरी के खिलाफ दो मामले हैं।

निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल कलाम मजूमदार के खिलाफ तीन मामले हैं जबकि इसी निर्वाचन क्षेत्र के एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार मुजक्किर हसन लस्कर के खिलाफ एक मामला दर्ज है।  दरांग-उदलगुड़ी में गण सुरक्षा पार्टी की एक महिला उम्मीदवार स्वर्णा देवी पर एक मामला है।  डिफू निर्वाचन क्षेत्र के स्वतंत्र उम्मीदवार जोन्स इंगती कथार के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।  लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा।