पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता सिलचर : सिलचर में अमित शाह का रोड शो विजय संकल्प यात्रा भीड़ में तब्दील हो गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार के लिए रविवार शाम करीब 5 बजे सिलचर के पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे। इसके बाद वह सिलचर में डीएसए मैदान के सामने देवदूत प्वाइंट गए। वहां से शाह नेे लोगों का अभिनंदन किया और रोड शो शुरू किया। केंद्रीय मंत्री ने सिलचर में भाजपा उम्मीदवार परिमल शुक्लबैद्य और करीमगंज में भाजपा उम्मीदवार कृपानाथ मल्लाह के लिए प्रचार किया।

उन्होंने सिलचर की मुख्य सड़कों पर एक विशाल रोड शो के साथ प्रचार किया। इस शो में राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा, उम्मीदवार परिमल शुक्लाबैद्य, सांसद पवित्र मार्घेरिटा, डॉ राजदीप रॉय और कई शीर्ष भाजपा नेता शामिल हुए। रोड शो में केंद्रीय मंत्री अमित शाह का सिलचर विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने स्वागत किया । भाजपा पार्टी नेतृत्व ने दावा किया कि रोड शो में लगभग 75,000 लोग शामिल हुए। प्रशासन ने केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर रखी थी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री सबसे पहले सिलचर हवाईअड्डे पहुंचे और हेलीकॉप्टर से पुलिस परेड ग्राउंड के लिए उड़ान भरी। सिलचर पुलिस परेड से वह जिला खेल संघ मैदान गए और वहां से बड़ा रोड शो शुरू हुआ। सिलचर में भाजपा ने रोड शो के मौके पर कई जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह का रोड शो देवदूत प्वाइंट, सेंट्रल रोड, प्रेमतला, हॉस्पिटल रोड और राधामाधव रोड तक घूमा।

फिर वे पुलिस सुरक्षा के तहत राधामाधव रोड, बिलपार, मधुरबंद, चमड़ा गोदाम और जानीगंज होते हुए  कुंभीरग्राम हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस बीच मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर कहा कि सिलचर में अमित शाह के रोड शो विजय संकल्प यात्रा में भीड़ ने पुष्टि कर दी  कि बराक के लोग भाजपा को चाहते हैं।