डिजिटल डेस्क: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। इस बीच दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई के दौरान ईडी ने दावा किया कि वह मेडिकल आधार पर जमानत लेने के लिए जानबूझकर मीठा खा रहे हैं ताकि इससे उनका शुगर लेवल बढ़े और उन्हें मेडिकल के आधार पर जमानत मिल जाए। ईडी की ओर से पेश वकील जुहैब हुसैन ने कोर्ट में कहा कि अरविंद केजरीवाल के घर से जानबुझ कर ऐसा खाना आ रहा है, जिससे उनका शुगर लेवल बढ़ जाए। ईडी ने कहा कि अदालत ने उन्हें घर का खाना खाने की मंजूरी दी है. जेल डीजी ने हमें केजरीवाल की डाइट भेजी है. उन्हें बीपी की समस्या है। लेकिन देखिए, वे क्या खा रहे हैं- आलू पूड़ी, केला, आम और हद से ज्यादा मीठी चीजें। 

सीएम अरविंद केजरीवाल के वकील विवेक जैन ने ईडी के वकील की दलीलों का विरोध करते हुए कहा कि इस बयान मीडिया के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल का फास्टिंग शुगर 243 था, जो कि बहुत ज्यादा है। उन्हें डॉक्टर्स की ओर से निर्देशित भोजन ही दिया जा रहा है।" 

कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल के वकीलों से कहा कि हम जेल से रिपोर्ट मांगेंगे। कोर्ट ने कहा कि आप हमें अरविंद केजरीवाल का डाइट चार्ट उपलब्ध कराएं। ईडी की ओर से कहा गया कि आप जेल के डीजी से रिपोर्ट मांग सकते हैं। इस मामले में अगली सुनवाई 19 अप्रैल दोपहर 2 बजे होगी।