मुल्लांपुर: पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस निचले हाफ में चल रही दो टीम की जंग में बृहस्पतिवार को यहां जब आमने-सामने होंगे तो दोनों इंडियन प्रीमियर लीग में अपने लडख़ड़ाते अभियान को फिर से पटरी पर लाने के लिए बेताब होंगे।  छह-छह मैचों के बाद दोनों टीमों के समान चार अंक है। दोनों की नेट रन देकर में दशमलव अंकों का अंतर है। पंजाब माइनस 0.218 के नेट रन रेट से सातवें जबकि मुंबई इंडियंस (माइनस 0.234) आठवें स्थान पर है। पंजाब और मुंबई दोनों ने चार-चार मैच गंवाए है।

दोनों ने अपने पिछले मैच हारे हैं और इस मैच में जीत के साथ वापसी करने की कोशिश करेंगे। पंजाब के लिए अपने शीर्ष क्रम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की चुनौती बढ़ गई है, क्योंकि नियमित कप्तान शिखर धवन कंधे की चोट के कारण 'सात से 10 दिन' के लिए बाहर हो गए हैं। इस सत्र में पंजाब की टीम के लिए अंजान भारतीय खिलाडिय़ों शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन ये दोनों निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं और उन्होंने एक से अधिक बार शीर्ष क्रम के खराब प्रदर्शन की भरपाई की है।

प्रभसिमरन सिंह का प्रदर्शन चिंता का विषय है। वह छह मैच में 19.83 की औसत से 119 रन ही बना पाए हैं। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा के लिए भी यही कहा जा सकता है। विश्व कप टीम के लिए चयन निकट आने के साथ जितेश अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित होंगे जो अब तक छह मैच में 17.66 की औसत से मात्र 106 रन बना सके हैं।  पंजाब को सैम कुरेन (126 रन और आठ विकेट) और कागिसो रबाडा (नौ विकेट) की अपनी विदेशी गेंदबाजी जोड़ी के लिए अधिक समर्थन ढूंढना होगा।