पूर्वांचल प्रहरी नगर संवाददाता जोरहाट : राज्य में लोकसभा के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार का बुधवार को आखिरी दिन है और इस दौरान चुनाव प्रचार अभियान में सभी दलों के दिग्गज पूरी तरह से पसीना बहा रहे हैं।  राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा भी सभी सीटों के अधीन विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने के उद्देश्य से प्रचार में जुटे हुए हैं। इस क्रम में सीएम ने आज जोरहाट लोकसभा सीट के अधीन माजुली व आमगुड़ी में चुनावी सभा की। जोरहाट के नगर संवाददाता के अनुसार  सीएम ने जोरहाट लोकसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी तपन कुमार गोगोई के समर्थन में प्रचार चलाते हुए कहा कि देश के विकास के लिए जनता ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है, क्योंकि संकटकाल में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों की सहायता की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश सहित माजुली के लिए भी सोचते हैं। उदाहरण के तौर पर मुख्यमंत्री ने जोरहाट-माजुली, सेलेक-धुनागुड़ी को जोडऩे वाले पुलों का उल्लेख किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले 60 सालों में कांग्रेस के शासनकाल में माजुली के विकास के लिए किसी प्रकार की अहम योजना नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता माजुली पहुंचकर माजुलीवासियों के समक्ष कहा कि माजुलीवासी जोरहाट-माजुली को जोडऩे वाली पुल नहीं चाहते थे। कांग्रेस के लोग माजुलीवासियों के सामने इतना बड़ा झूठ कैसे बोल सके। एनडीए सरकार ने माजुली के विकास के लिए जोरहाट-माजुली को जोडऩे वाले पुल का निर्णय लिया और आगामी 2026 के भीतर इसे पूरा भी कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि माजुली में एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। माजुली में एक बड़े सभागार का निर्माण किया जाएगा, जहां लगभग दो हजार लोग एक साथ बैठ सकेंगे और यह सभी विकासशील योजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो पाई है, वहीं दूसरी ओर माजुली पहुंचकर पत्रकारों से हुई बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के पहले चरण में भाजपा के प्रति लोगों का समर्थन अविश्वसनीय है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को जनता भरपूर समर्थन दे रही है, वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी गौरव गोगोई को लेकर पूछे गए सवाल का जबाव देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरव गोगोई ने बड़ी गलती की है। क्योंकि जिस दिन राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। उस दिन गोगोई ने असम में नौटंकी की।

गौरव गोगोई पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग कहते हैं कि गौरव गोगोई एक सक्रिय सांसद है और समस्याओं को बखूबी संसद के पटल पर रखते हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ने चुनौती देते हुए कहा कि सांसद गोगोई ने कभी भी उनके अपने क्षेत्र कलियाबर हो या असम की दूसरे क्षेत्र के लिए कोई सवाल संसद में पूछा हो। मुख्यमंत्री ने गौरव गोगोई को गांधी परिवार का प्रवक्ता करार देते हुए कहा कि गोगोई गांधी परिवार के भक्त हैं। आज आयोजित सभा में मुख्यमंत्री के साथ माजुली के विधायक भुवन गाम, भाजपा जिला अध्यक्ष बीरेन सैकिया सहित अगप और गण शक्ति पार्टी के कई नेता मौजूद थे। सिमलगुड़ी के निज संवाददाता के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने अपने धुआंधार प्रचार अभियान चलाते हुए जोरहाट संसदीय सीट के भाजपा उम्मीदवार तपन गोगोई के पक्ष में शिवसागर जिले के आमगुड़ी से सटे जांजी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

जांजी हेमचंद्र शर्मा कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अपने पूरे तेजतर्रार अंदाज में मानो अथ से इति तक मोदी सरकार एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां जनता के सामने रखते हुए आह्वान किया कि यह चुनाव केंद्र में प्रधानमंत्री के चयन का चुनाव है। पिछले दस सालों मे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की तुलना पिछले छह दशकों के कांग्रेस सरकार से करने पर विकास की तस्वीर समझी जा सकती है। मुख्यमंत्री ने लोगों से बिल्कुल अलग ही अंदाज में अपनी बात रखते हुए कहा कि आज राज्य में पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में हम बिहू मना रहे हैं।

गोली और बारुद की आवाज की जगह असम के बोहाग बिहू के अवसर पर कुली केतेकी (कोयल)की आवाज एवं ढोल पेपा की आवाज में निर्भर होकर नाच गा पा रहे हैं। गांवों से लेकर कस्बो तक और कस्बो से नगर तक विकास ही विकास नजर आ रहा है। कार्यक्रम में सांसद पल्लव लोचन दास, कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका, विधायक प्रदीप हजारिका, कुशल दुवरी, रूपज्योति कुर्मी सहित कई नेता-कर्मी मौजूद थे।