पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाताा गुवाहाटी : सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव का प्रथम चरण आगामी 19 अप्रैल को है, इसको लेकर  देशभर में सियासी पारा गरम है।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम 370 सीटों के अपने लक्ष्य को पाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम महानगर के जीएस रोड पर एक रोड शो किया।  राजीव भवन से शुरू हुआ, यह रोड शो दिसपुर सचिवालय तक चला। इस दौरान सड़क के दोनों किनारे प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए लोगों का हुजूम जमा हो गया था। भारतीय जनता पार्टी के समर्थक अबकी बार फिर मोदी सरकार, मैं हूं मोदी का परिवार और सबका साथ सबका विकास जैसे भारतीय जनता पार्टी के सिग्नेचर नारे लगा रहे थे। उल्लेखनीय है कि आज शाम करीब 7.15 बजे नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में चुनावी सभा करने के बाद गुवाहाटी पहुंचे।  गुवाहाटी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता, असम गण परिषद के अतुल बोरा सहित अन्य कई वरिष्ठ नेताओं ने किया।  गुवाहाटी एयरपोर्ट से उनका काफिला जीएस रोड के लिए रवाना हुआ। रास्ते में जगह-जगह लोग उनकी झलक पाने के लिए सड़क के किनारे पर खड़े हुए थे। मोदी के रोड शो के लिए जीएस रोड को तकरीबन 2 घंटे के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इससे लोगों को काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। जीएस रोड पर रोड शो समाप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोइनाधारा पहुंचे, वहां पर वे रात्रि विश्राम करेंगे। उल्लेखनीय है कि पीएम पं.बंगाल से रैली कर सात बजे के बाद गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचे जहां  मुख्यमंत्री  डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की हवाई अड्डे से से ही अपना रोड शो शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क के किनारे खड़ पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह को बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान सड़क के किनारे पीएम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उन्होंने फूल उड़ाकर पीएम का स्वागत किया। रोड शो के दौरान पीएम मोदी कार की फ्रंट सीट पर बैठे नजर आए, तभी बीच बीच में अपनी वाहनों से बाहर आकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।  पार्टी सूत्रों के अनुसार  पीएम मोदी गुवाहाटी आने के बाद शहर से होते हुए खानापाड़ा स्थित कोइनाधारा राज्य अतिथि गृह पहुंचे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे। वह बुधवार को नलबाड़ी में एक रैली को संबोधित करेंगे, जहां वह असम गण परिषद के बरपेटा से उम्मीदवार  फणिभूषण चौधरी के लिए समर्थन में प्रचार करेंगे।  उल्लेखनीय है कि बरपेटा लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय संघर्ष है, जहां चौधरी का मुकाबला कांग्रेस के दीप बायन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मनोरंजन तालुकदार से है। मालूम हो कि प्रधानमंत्री के आगमन से मानो कुछ घंटे के लिए गुवाहाटी शहर की सांसें थम गई थी।