डिजिटल डेस्क: लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच वार-पलटवार का दौर जारी है। असम की चुनावी राजनीति में इस बार हेलीकॉप्टर मुद्दे की चर्चा हो रही है। चुनाव प्रचार में कौन किसका हेलीकॉप्टर उड़ा रहा है इसे लेकर कांग्रेस और एआईयूडीएफ में गरम मुद्दा चल रहा है। इस बार हेलीकॉप्टर मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर वार किया है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता  इमदाद हुसैन ने सोमवार को नगांव के राजीव भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एआईयूडीएफ प्रमुख तथा सांसद बदरुद्दीन अजमल भाजपा द्वारा निर्धारित हेलीकॉप्टर लेकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसके बाद किसी को यह समझने में मुश्किल नहीं हो सकता कि भाजपा और एआईयूडीएफ एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों सांप्रदायिक पार्टियों के बीच गुप्त गठबंधन है और वे आपसी समझ से चुनाव लड़ रहे हैं। मुस्लिम समुदाय को दुश्मन समझने वाली भाजपा के साथ गुपचुप तरीके से हाथ मिलाकर बदरुद्दीन अजमल और एआईयूडीएफ ने मुस्लिम समुदाय को धोखा दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि व्यक्तिगत लाभ के लिए मुस्लिम समुदाय को धोखा देनेवाले अजमल और एआईयूडीएफ को सबक सिखाने का यही सही समय है। हुसैन ने कहा कि अजमल भाजपा द्वारा किराए पर लिए गए हेलीकॉप्टर में चुनाव प्रचार कर रहे थे।