पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में लोस के प्रथम चरण के चुनाव को लेकर प्रचार अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। इस बीच चुनाव आयोग भी अपनी जिम्मेदारी के साथ मुस्तैद है। चुनाव आयोग के उड़नदस्ते व निगरानी दल राज्य में छापेमारी जारी रखे हुए हैं। लखीमपुर शहर में एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा के निजी सचिव जिंटू हजारिका के पास से बुधवार रात करीब 10.30 बजे निगरानी दल ने लखीमपुर शहर के बांतौ में राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 15 पर एक वाहन से 5 लाख 81 हजार की नकदी जब्त की। उस वक्त जिंटू हजारिका मेहदी हसन नाम के एक शख्स के साथ एएस-07-टी-8122 नंबर के एक सेलेरियो वाहन के अंदर बात कर रहे थे। चुनाव आयोग की टीम ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन के मामले के तहत कांग्रेस नेताओं, जिंटू हजारिका, मेहदी हसन, मौचम लाहन, सुरेश चेतिया और लक्षनाथ नाटे को गिरफ्तार किया और लखीमपुर सदर पुलिस स्टेशन में उनसे पूछताछ की। पैसे के स्रोत के बारे में रात भर पूछताछ के बाद गुरुवार दोपहर को उन्हें रिहा कर दिया गया। इस दौरान, बुधवार रात फ्लाइंग स्मड ने तलाशी के दौरान करीमगंज के नीलम बाजार में एएस-03-ए -0614 नंबर के एक बोलेरो वाहन से करीब 23 लाख रुपए जब्त किए। पुलिस टीम को देखकर वाहन के चालक ने भागने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने गाड़ी रोक ली और 23 लाख रुपए बरामद कर लिए। पुलिस ने रूपारतल इलाके के रहने वाले ड्राइवर अब्दुस शबूर को गिरफ्तार कर लिया और उड़न दस्ता उससे पूछताछ जारी रखे हुए है। वहीं दूसरी ओर, फ्लाइंग स्मड और स्टेटिक सर्विलांस टीमों ने बुधवार को मोरीगांव जिले के विभिन्न स्थानों से कुल 11.92 लाख रुपए नकदी जब्त की। इस बीच, भाजपा और उसके सहयोगी एजीपी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा के निजी सचिव के वाहन से 5 लाख रुपए नकद जब्त होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा विधायक दिगंत कलिता और एजीपी उम्मीदवार फणिभूषण चौधरी ने चुनाव में धन बांटने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। हालांकि, कांग्रेस ने भाजपा पर बदले की कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा निर्वाचन क्षेत्रों में कुछ लोगों के बीच खुलेआम पैसे बांटकर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रही है।
भूपेन बोरा के निजी सचिव के वाहन से 5 लाख से अधिक रुपए बरामद