पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता तिनसुकिया : तिनसुकिया में भाजपा सांसद मनोज तिवारी के चुनाव प्रचार के दौरान अचानक बेहोश हुए भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। इस खबर के बाद भाजपा नेताओं   व कार्यकर्ताओं के बीच मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार सांसद तिवारी के चुनाव प्रचार हेतु मानव कल्याण पूजा भवन में एक सभा आयोजित की गई थी। सभा आरंभ होने से पहले सांसद मनोज तिवारी के आगमन के इंतजार में खुशियां मनाते वक्त भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के तिनसुकिया जिला उपाध्यक्ष बारीक अहमद अचानक बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से तिनसुकिया भाजपा खेमे में शोक की लहर फैल गई। जब मनोज तिवारी की सभा आरंभ हुई, तब यह सूचना तिनसुकिया के विधायक एवं राज्य के कैबिनेट मंत्री संजय किसान द्वारा दी गई। बारीक अहमद के निधन पर सभा आरंभ होने से पहले एक मिनट का मौन रखकर दिवगंत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई।