नई दिल्ली : दिल्ली समेत देश के किसी भी हिस्से में मंगलवार को ईद का चांद नजर नहीं आया,इसलिए ईद-उल-फित्र का त्यौहार बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा तथा बुधवार को 30वां और आखिरी रोजा होगा। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली समेत देश के किसी भी हिस्से में ईद का चांद नजर नहीं आया है, इसलिए ईद का त्यौहार बृहस्पतिवार (11 अप्रैल) को मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान समेत किसी भी राज्य से चांद दिखने की खबर नहीं मिली है। मुकर्रम ने कहा कि बुधवार को 30वां रोज़ा होगा और शव्वाल की पहली तारीख बृहस्पतिवार को होगी। शव्वाल के महीने के पहले दिन ईद होती है। वहीं, जामा मस्जिद के पूर्व इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा कि देश के किसी हिस्से से शव्वाल यानी ईद-उल-फित्र का चांद दिखने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के अलग-अलग हिस्सों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल व बिहार में संपर्क किया गया लेकिन कहीं भी चांद नहीं दिखा है। बुखारी ने कहा कि ईद 11 अप्रैल को मनाई जाएगी। उधर, मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद से जुड़े इमारत ए शरीया हिंद ने भी ऐलान किया है कि मंगलवार को देश के किसी हिस्से में मीठी ईद का चांद नज़र नहीं आया।
नहीं हुआ चांद का दीदार, कल मनाई जाएगी ईद