पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता तिनसुकिया : डिबू्रगढ़ लोकसभा सीट से एनडीए मित्रदल के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल के प्रचार के लिए आज मंगलवार को तिनसुकिया में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा रोड शो किया गया। रोड शो के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा भी उनके साथ वाहन पर सवार थे। इसके अलावा काफिले में राज्य सरकार के कई मंत्री, प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी व भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। रोड शो का काफिला तिनसुकिया शहर के चलिहा नगर खेल के मैदान से निकल कर थाना चाराली पर जाकर संपन्न हुआ। इस दौरान पूरे रास्ते में सड़क के दोनों किनारे हजारों लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। चूंकि केंद्रीय गृहमंत्री का रोड शो था, जिसके चलते कल से ही तिनसुकिया में सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए थे। राज्य पुलिस के कई आला अधिकारी तिनसुकिया में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।

इस रोड शो में चलिहा नगर खेल मैदान से लेकर थाना चाराली तक सड़क के किनार में विभिन्न जातीय जनगोष्ठी के लोगों द्वारा अपने सांस्कृृतिक कार्यक्रम पेश कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया गया, जिसमें बिहू नृत्य, मिसिंग नृत्य, चाय जनजाति के झुमुर नृत्य, पंजाब के भांगड़ा, बंगाली, राजस्थानी, मारवाड़ी, बिहारी, नेपाली आदि संप्रदाय के लोगों की सांस्कृतिक दल द्वारा भी अमित शाह के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। वहीं सड़क के दोनों किनारे खड़े भाजपा के महिला व पुरुष कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा किया गया। अमित शाह ने भी सड़क किनारे खड़े आम लोगों पर पुष्प वर्षा करते देखा गया। लगभग एक घंटे तक उक्त रोड शो चला, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और सबसे आशीर्वाद लिया। हालांकि उन्होंने कोई भाषण नहीं दिया। लेकिन लोगो का जोश देखते ही बनता था।