डिजिटल डेस्क : महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां पिंपरी-चिंचवड़ में एक प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी की कैंटीन में परोसे गए समोसे में कथित तौर पर कंडोम, पत्थर, तंबाकू, गुटखा आदि पाए गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच से पता चला कि एक व्यवसायी ने एक नए ठेकेदार से कैटरिंग का ठेका हासिल करने के लिए इस भयावह कृत्य की योजना बनाई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऑटोमोबाइल फर्म की कैंटीन में खाने-पीने के सामान की सप्लाई करने की जिम्मेदारी कैटलिस्ट सर्विस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की थी। कैटलिस्ट सर्विस ने ऑटो फर्म में समोसा सप्लाई करने का कॉन्ट्रैक्ट मनोहर एंटरप्राइजेज नाम की कंपनी को दिया था। उन्होंने बताया कि शनिवार को ऑटो फर्म के कुछ कर्मचारियों ने समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर मिलने की शिकायत की थी।

चिखली पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि मनोहर एंटरप्राइजेज के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि फिरोज शेख और विक्की शेख नाम के दो कर्मचारियों ने कथित तौर पर समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर भरे थे ।

उन्होंने कहा कि हमने सभी आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 328 (जहर के जरिए चोट पहुंचाना) और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों आरोपी कर्मचारियों ने बताया कि वह एसआरएस एंटरप्राइजेज के कर्मचारी हैं और उनके ओनर ने उन्हें मनोहर एंटरप्राइजेज द्वारा आपूर्ति किए गए भोजन में मिलावट करने के लिए भेजा था। वहीं रहीम शेख, अजहर शेख और मजहर शेख की पहचान ओनर के रूप में की गई है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।