पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता सोनारी : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर बेवजह राजनीति करने की कोशिशें की जा रही है। जहां आंदोलन करने वाले कह रहे थे कि सीएए लागू होने से ट्रक में भर-भर कर लाखों की संख्या में विदेशी असम में आ जाएंगे और असम में असमिया अल्पसंख्यक हो जाएंगे, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। सीएए के लागू हुए कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी अब तक एक आवेदन से ज्यादा इस कानून के तहत नहीं आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग इसको लेकर मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका कोई प्रभाव पडऩे वाला नहीं है। यह कहना है राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा का। चराईदेव जिले के सापेखाति में आज मुख्यमंत्री ने अपनी विजय संकल्प यात्रा के क्रम में जोरहाट लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी तपन कुमार गोगोई के लिए चुनाव प्रचार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएए जैसी कोई चीज नहीं है, अब तक बराक में केवल एक व्यक्ति ने आवेदन किया है और इसका कोई प्रभाव राज्य में नहीं पड़ेगा। सीएम ने कहा कि चराईदेव जिले में अनेक बंगाली भाषी लोग रहते हैं, लेकिन इस जिले में अब तक किसी ने सीएए के तहत नागरिकता के लिए आवेदन नहीं किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को चुनाव के मौके पर तूल देने की कोशिशें की जा रही है। उन्होंने कहा कि जोरहाट सीट से तपन गोगोई तीन लाख मतों के अंतर से विजयी होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 के विधानसभा से पहले ही चराईदेव जिला वासियों के लिए राजापोखरी मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही महिलाओं को दिए जाने वाले दस हजार रुपए को महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय में लागएं और आने वाले समय मे उनको पुन: 25 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।

सीएम ने कहा कि राज्य के सभी राशन कार्ड धारकों को अरुणोदय योजना के तहत उनके खाते में पैसे दिए जाएंगे। सितंबर तक सभी अपना फर्म भरकर जमा करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके नेता सिर्फ जनता से डरते हैं और किसी से नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के भीतर राज्य के एक लाख से अधिक युवाओं को सरकार नौकरी दे चुकी है और अगले कुछ वर्षों में और 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा लखपति बाइदेउ योजना सहित अन्य कई योजनाओं का जिक्र उन्होंने अपने संबोधन में किया।

शिवसागर के निज संवाददाता के अनुसार शिवसागर में भाजपा की सांगठनिक सभा में आज राज्य के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा ने भाग लिया। शहर के युवा दल पेक्षागृह  में आयोजित इस सभा में मुख्यमंत्री ने आगामी लोकसभा चुनाव के संबंध में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी के साथ मत-विनमय किया। सभा के पश्चात पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में भाजपा इस बार काफी अच्छा प्रदर्शन करेगी और 14 लोकसभा क्षेत्र में से केवल दो पर ही विपक्षी पार्टियों के साथ भिड़त होगी। बाकी 12 सीटों पर भाजपा और मित्र दल आसानी से विजय प्राप्त करेंगे।

वहीं पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ऊपरी असम में राष्ट्रीय राजमार्ग 37 को फोरलेन बनाने का काम  इस वर्ष की अंत तक यह  पूर्ण हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक देश की अंतिम व्यक्ति तक भाजपा नहीं पहुंचती है, तब तक हमारी कोशिश जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि असम और देश का माहौल अब बदल चुका है। असम के बेरोजगार युवक-युवतियों को  बिना रिश्वत के नौकरी मिलती है, लोन मिलता है। उन्होंने कहा कि असम का विकास कांग्रेस को हजम नहीं होता। वे झूठी बातें कहकर लोगों को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की न्याय पत्र में उल्लेखित 40 प्रतिशत बेरोजगार वृद्धि होने की बात  पूरी तरह से मिथ्या है।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव गणतंत्र दिवस का एक उत्सव है और इस उत्सव के समय लोगों को यह जानने का अधिकार है कि उन्हें चुनाव के बाद क्या मिलेगा या नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि आगामी 2026 तक भूपेन बोरा भाजपा में शामिल होंगे। वहीं प्रथम चरण के असम की पांंच लोकसभा सीटों में किसी तरह की विपक्ष से टक्कर नहीं होगी और पार्टी आसानी से पांच सीटों पर क्लीन स्वीप करेगी। दूसरे और तीसरे चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव में एक-एक सीट पर विपक्षी दल से टक्कर होगी, बाकी सीटे भाजपा मित्र दल आसानी से जीत जाएंगे।