गुवाहाटी : असम में डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल उन आठ वरिष्ठ नागरिकों में शामिल हैं, जो राज्य में 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के लिए मैदान में हैं। बासठ वर्षीय राज्यसभा सदस्य सोनोवाल बुजुर्ग उम्मीदवारों में शामिल हैं। उनकी पार्टी के सहयोगी एवं विधायक रंजीत दत्त 67 साल के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार हैं और वह शोणितपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके बाद 65-वर्षीय कांग्रेस उम्मीदवार उदय शंकर हजारिका का नाम इस सूची में आता है, जो लखीमपुर से चुनाव मैदान में हैं।

चुनाव मैदान में सबसे कम उम्र के उम्मीदवार 27-वर्षीय गोबिन विश्वकर्मा हैं, जो लखीमपुर से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के काजीरंगा के उम्मीदवार सालेह अहमद मजूमदार (29) दूसरे सबसे कम उम्र के उम्मीदवार हैं। कुल 15 उम्मीदवारों की आयु 40 से 49 वर्ष के बीच है, जिनमें कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई (41) शामिल हैं, जो जोरहाट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस आयु वर्ग में शामिल भाजपा के राज्यसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा (49) काजीरंगा से चुनाव लड़ रहे हैं।

डिब्रूगढ़ से असम जातीय परिषद के लुरिनज्योति गोगोई (45) और आम आदमी पार्टी के मनोज धनोवार (47) भी इस सूची में शामिल हैं। नौ उम्मीदवार 50 वर्ष की आयु के पार हैं, जिनमें जोरहाट से मौजूदा सांसद 55-वर्षीय तपन गोगोई, लखीमपुर के सांसद प्रदान बरुआ (58) और शोणितपुर से कांग्रेस उम्मीदवार प्रेम लाल गंजू (53) शामिल हैं। लखीमपुर से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय उम्मीदवार बिक्रम रामचियारी और देबा नाथ पैत की उम्र क्रमश: 32 और 33 वर्ष है।