पूर्वांचल प्रहरी टीम तिनसुकिया : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की विजय संकल्प यात्रा के तहत आज डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट के अंतर्गत डिगबोई, टिंगखांग व माकुम में चुनावी सभा का आयोजन हुआ। इस दौरान सीएम ने डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल के लिए प्रचार चलाया। तिनसुकिया के कार्यालय संवाददाता के अनुसार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा,यह मोदीजी की गारंटी है और मामा की वारंटी है। आज यह बातें तिनसुकिया चुनावी जिले के माकुम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बजालटोली में आयोजित 13 नम्बर डिब्रूगढ़ लोकसभा के चुनाव के लिए आयोजित चुनावी प्रचार सभा मे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कही।
उन्होंने कहा की माकुम विधानसभा क्षेत्र नए रूप में गठित हुआ है। पहले इस क्षेत्र के मतदाता डिगबोई, चबुआ आदि समष्ठियों में बंटे हुए थे। लेकिन यहां के लोग अब माकुम विस क्षेत्र के मतदाता के रूप में पहली बार मतदान करेंगे और सोनोवाल को शत प्रतिशत वोट देकर सेंचुरी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल जय आई असम चिल्लाने से विकास नहीं होता। विकास होता है मेहनत से, हम दिन रात इस बात को लेकर मेहनत कर रहे हैं कि किस तरह राज्य का विकास किया जाए,किस प्रकार जनता का विकास हो, वहीं असम सरकार द्वारा चलाई जा रहे योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कभी भी किसी ने यह सोचा था कि अरुणोदय योजना भी लागू हो सकती है और लोगों को इसका लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के साथ मामा का वारंटी है, क्योंकि पहले लोग विश्वास नहीं करते थे कि कैसे अरुणोदय योजना से लोगों को लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि जिनके पास राशन कार्ड है, उन सभी लोगों को पांच प्रकार का लाभ मिलेगा। पहला प्रति व्यक्ति 5 किलो चावल, दूसरा प्रधानमंत्री द्वारा दिये गए आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपए तक की चिकित्सा, तीसरा उज्जवला योजना के तहत मुफ्त में गैस सिलिंडर व कम कीमत पर गैस, चौथा अरुणोदय योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में प्रति माह सीधे बैंक अकाउंट में 1200 रुपया और पांचवीं योजना जिनके घर में राशन कार्ड है और उनके मुखिया यानी उपार्जन करने वाले व्यक्ति की किसी दुर्घटना में मौत हो जाती है तो उनके परिवार में अंधकार छा जाता है। इसलिए हम वैसे परिवार के लिए एक नया योजना लेकर आ रहे हैं, जिसके तहत बीमा सरकार द्वारा करवाई जाएगी और वैसे परिवार को उसका लाभ मिलेगा।
चुनावी प्रचार सभा मे मुख्यमंत्री के अलावा डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, राज्य सरकार के मंत्री संजय किसान, डिगबोई के विधायक सुरेन फुकन, तिनसुकिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष काजल गोहाई, तिनसुकिया नगरपालिका के अध्यक्ष पवित्र गोगोई, भाजपा जिला अध्यक्ष कुशकांत बोडा, प्रदेश सचिव पुलक गोहाई, जिला सचिव पुलक चेतिया सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। डिगबोई के निज संवाददाता के अनुसार डिगबोई विस क्षेत्र के बुढीदिहिंग पंचायत स्थित बालिजान फिल्ड में आयोजित चुनावी सभा के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि बुढीदिहिंग के डिगबोई विधानसभा क्षेत्र से जुडऩे के पश्चात स्थानीय विधायक सुरेन फुकन निरंतर इसके विकास के लिए प्रयत्नशील है।
हालांकि इस क्षेत्र में अब भी कई समस्याएं हैं, जिनसे स्थानीय वासियों को निजात दिलाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि चुनाव के पश्चात वे एक-दिन विधायक सुरेन को साथ लेकर पूरे बुढीदिहिंग इलाके का परिभ्रमण करेंगे और फिर एक-एक कर यहां की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर आप लोगों के आशीर्वाद से सर्वानंद सोनोवाल यहां से विजयी होकर दिल्ली जाते हैं तो नरेंद्र मोदी सरकार में एक बड़ा दायित्व हासिल करेंगे। इस प्रकार एक बड़े पद पर आसीन होने के बाद वे डिब्रूगढ़ सीट के विकास के लिए बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे।