मुंबई: इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड का मानना है कि भारत की नई तेज गेंदबाजी सनसनी मयंक यादव को सीधे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उतारा जा सकता है ताकि कैरियर में चोटों का सामना करने के लिए उनका शरीर सख्त हो सके। पिछले साल क्रिकेट के सभी प्रारूपों से विदा ले चुके ब्रॉड का मानना है कि कम उम्र में ही शुरुआत करके यादव शीर्ष स्तर पर बहुत कुछ सीख सकते हैं, लेकिन उन्हें उतार चढ़ाव के लिए तैयार रहना होगा।

स्टार स्पोट्र्स की कमेंट्री टीम में शामिल ब्रॉड ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उसे घरेलू क्रिकेट से होकर गुजरने की जरूरत है। शीर्ष स्तर पर खेलकर उसका शरीर खुद ब खुद सख्त हो जाएगा। उसका रनअप अच्छा है और उसे लाइन और लैंग्थ की भी अच्छी समझ है। किसी युवा गेंदबाज के लिए सबसे शीर्ष स्तर पर खेलना अच्छा सबक होता है।