पूर्वाचल प्रहरी जिला संवाददाता नगांव : भाजपा ने आज जहां हजारों समर्थकों के साथ नामांकन भरने की प्रक्रिया में अपना दबदबा दिखाया, वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार तथा नगांव संसदीय क्षेत्र के सासंद प्रदुत बरदलै ने भी भारी संख्या में अपने समर्थकों को साथ लेकर जिला आयुक्त कार्यालय पहुंचे और वहां अपनी कांग्रेस पार्टी के बर्चस्व को दिखाने में भाजपा से पीछे नहीं रहे। गाजे-बाजे और भारी संख्या में कांग्रेसी समर्थक कांग्रेस प्रत्याशी प्रदुत बरदलै की नामांकन भरने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इस अवसर पर एआईसीसी के सचिव तथा असम के कांग्रेस प्रभारी पृथ्वी राज प्रभाकर साठे, पूर्व मंत्री रकिबुल हुसैन सहित वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित थे। नगांव कांग्रेस प्रत्याशी प्रदुत बरदलै पहले मंदिर और नामघरों में मत्था टेकने के बाद जिला आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र भरा। कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, प्रदुत बरदलै जिंदाबाद नारे लगाकर कांग्रेस समर्थकों ने आयुक्त कार्यालय परिसर को गुंजायमान कर दिया।

नामांकन भरने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रदुत बरदलै ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि नगांव संसदीय क्षेत्र की जनता मुझे भारी मत से विजयी बनाएगी। मैंने अपने सांसद कोष से नगांव संसदीय क्षेत्र के लिए काफी विकासमूलक काम कर जनता के विश्वास को जीतने में सफल रहा हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल जुमलेबाजी के सहारे अपना काम चला रहीं है और सुरेश बोरा जैसे सल्फाई को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाकर यह दिखा दिया कि अपने स्वार्थ के लिए भाजपा कितने नीचे तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी सुरेश बोरा की क्रिया क्लाप के बारे में नगांव की जनता ही नहीं बल्कि पूरे राज्य की जनता अवगत है और उन्हें किसी भी कीमत पर नगांव की जनता का समर्थन नहीं मिलेगा। क्योंकि जनता लूट-पाट करने वाले लोगों को कभी भी विश्वास में नहीं ले सकती है। पूर्व मंत्री रकिबुल हुसैन ने कहा कि भाजपा केवल बात करने और भाषणबाजी करने में माहिर है। ज़मीन स्तर पर भाजपा की स्थित खराब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हिटलरशाही से देश की जनता अब ऊब गई है। इसलिए इस बार के चुनाव में भाजपा को उतनी सीट नहीं मिलेगी, जितना वे आश लगाए बैठे हैं।