पूर्वाचल प्रहरी जिला संवाददाता नगांव : नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुरेश बोरा ने आज बृहस्पतिवार को नगांव जिला आयुक्त व चुनाव अधिकारी नरेंद्र साह को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी की नामांकन प्रक्रिया में मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा,अगप नेता तथा मंत्री केशव महंत, मंत्री पीयूष हजारिका,विधायक रुपक शर्मा, विधायक जीतू गोस्वामी सहित कई भाजपा नेता ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे के साथ भाजपा प्रत्याशी सुरेश बोरा अपने भारी समर्थकों के साथ जिला आयुक्त कार्यालय पहुंचे। नामांकन दाखिल करने से पूर्व आज सुबह से ही भाजपा समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस अवसर पर शहर में एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा, मंत्री केशव महंत, विधायक रुपक शर्मा के साथ ही हजारों की संख्या में भाजपा समर्थकों ने नाचते -गाते तथा हाथों में भगवा झंडा लेकर आको एबार मोदी सरकार की धुन पर झूमते नजर आए। 

नामांकन प्रक्रिया के पहले  मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने डसन फील्ड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का भविष्य अंधकारमय है और आने वाले भविष्य में कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा सहित काफी संख्या में कांग्रेसी नेता भाजपा का दामन थाम लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है कि अल्पसंख्यकों का मत भी भाजपा के खाते में ही जाएगा। कारण कि भाजपा के प्रति अल्पसंख्यकों का विश्वास जगा है। उन्होंने कहा कि मैं मियां महिलाओं के अधिकार के लिए संघर्षरत रहूंगा, जिससे तलाक और बाल विवाह न हो और महिलाओं को उनके संपत्ति का अधिकार मिले। मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा भी जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हुआ है। ऐसे में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए नगांव संसदीय क्षेत्र की जनता को भाजपा प्रत्याशी सुरेश बोरा को भारी मत से जिताना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसका इंडी गठबंधन देश के लिए नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ के लिए चुनाव लड़ रहा है।