नई दिल्लीः  दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने दमदार वापसी करते हुए बल्ले से कोहराम मचा दिया है, लेकिन टीम के लिए बहुत कुछ अच्छा नहीं हो पाया है। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ एक अहम मुकाबले में एक ओवर की सभी 6 गेंदों पर बाउंड्री लगाने के साथ ही 25 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्के के दम पर 55 रन की पारी खेली। हालांकि, वह 273 रनों के भारी भरकम लक्ष्य का पीछा करने उतरी अपनी टीम को 106 रनों की शर्मनाक हार से नहीं बचा सके। इस हार के बाद ऋषभ पंत के साथ-साथ प्लेइंग इलेवन के बाकी खिलाड़ियों पर भी जुर्माना लगा दिया। यह दूसरी बार है जब पंत की टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है। इस वजह से 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दिल्ली के बाकी खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपए या 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा है। इसके साथ ही पंत पर अब बैन का खतरा मंडराने लगा है। दरअसल, नियम के अनुसार अगर पंत की कप्तानी में टीम अब किसी मैच में समय से ओवर पूरा नहीं कर पाती है तो 30 लाख रुपये का जुर्माना और एक मैच का बैन उनपर लगेगा। साथ ही टीम के खिलाड़ियों पर भी भारी जुर्माना लगेगा।