पूर्वांचल प्रहरी नगर संवाददाता जोरहाट : लोकसभा चुनाव के पहले चरण की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान भी तेज हो रहा है। इस कड़ी में भाजपा के स्टार प्रचारक तथा राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज सोमवार को जोरहाट लोकसभा सीट अंतर्गत माजुली जिले से अपने चुनाव प्रचार अभियान का श्रीगणेश किया। माजुली जिले के गडमुर से महारीचुक तक करीब 13 किलोमीटर की साइकिल रैली के साथ सीएम हिमंत ने चुनावी बिगुल फूंका। कल देर शाम माजुली पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां के विकास-कार्यों का जायजा लिया। साथ ही भाजपा तथा अगप कर्मियों के साथ एक सभा में भी हिस्सा लिया। वहीं दूसरी तरफ आज दिन के 11 बजे मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सही मायने में कहा जाए तो वर्ष 2014 के बाद से ही माजुली में विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से ही माजुली का विकास संभव हुआ है। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता से आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम को देश के प्रमुख राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का हाथ मजबूत करना ही होगा। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा सांसद चाहिए जो प्रधानमंत्री मोदी का हाथ मजबूत करे और अपने क्षेत्र के साथ राज्य का विकास करे। असम को ऐसा प्रतिनिधि नहीं चाहिए, जो दिन-रात प्रधानमंत्री को गाली दे और ऐसा करके अपने क्षेत्र के विकास की बात कहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को गाली देने वाला प्रतिनिधि कभी भी अपने क्षेत्र का विकास नहीं कर सकेगा। सीएम ने कहा कि जोरहाट-माजुली संयोगी पुल का उद्घाटन वर्ष 2026 में किए जाने के बारे में सोचा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साथ अगर क्षेत्र के सांसद और विधायक एक पार्टी से होंगे तो यह चार इंजन की गाड़ी बन जाएगी तथा क्षेत्र का विकास तीव्रगति से होगा।
लेकिन इनमें से एक भी दूसरी पार्टी का होगा तो दोनों पार्टी अलग-अलग दिशा में खींचातानी करेगी। ऐसे में क्षेत्र का विकास अपनी जगह पर ही रूक जाएगा। सीएम ने कहा कि पिछले 75 सालों में माजुली के साथ यही हुआ है। लेकिन वर्ष 2014 के बाद माजुली का विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ रहा है। माजुली को अब पुल से आगे मेडिकल कॉलेज तक जाना है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता को उनके हक में आवाज उठाने वाला प्रतिनिधि चुनना होगा। वहीं इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जोरहाट लोकसभा सीट पर तपन गोगोई भारी मतों से विजयी होंगे, जिसमें माजुलीवासियों की अहम भागीदारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल से प्रचार का मकसद यह है कि इससे जनता से नजदीक से संपर्क किया जा सकता है और शिकायतें भी ली जा सकती है।
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए सीएम ने कहा कि भूपेन बोरा खुद ऐसा नहीं करना चाहते थे, लेकिन दिल्ली से मिले दबाव के चलते ऐसा किया जा रहा है। वहीं डिबू्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में सर्वानंद सोनोवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे लुरिनज्योति गोगोई पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों गोगोई मिलकर काम करते हैं। जनसभा के पश्चात सीएम ने गड़मुर से साइकिल रैली शुरू की। साइकिल रैली के दौरान माजुली में विभिन्न जगहों पर मुख्यमंत्री के स्वागत हेतु सड़क पर लोग खड़े नजर आए।
कहीं फुलाम गामोछा पहनाकर तो कहीं पुष्प वर्षा कर लोगों ने राज्य के मुख्यमंत्री का स्वागत किया। युवा से लेकर बुजुर्ग सीएम के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्सुक दिखे। 13 किलोमीटर के इस पड़ाव में कई जगहों पर मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर लोगों से बातचीत की। मालूम हो कि गत लोकसभा चुनाव में माजुली जिला लखीमपुर लोकसभा सीट के अधीन था। लेकिन इस बार निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्निर्धारण के बाद माजुली जिला जोरहाट लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा बन गया है। ऐसे में माजुली से तपन कुमार गोगोई के लिए सीएम ने प्रचार अभियान चलाया।