गुवाहाटी : असम सरकार ने राज्य में तीन चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सार्वजनिक अवकाश की सोमवार को घोषणा की। राज्यपाल के आदेश पर जारी अधिसूचना में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को उन इलाकों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है, जहां परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 के तहत इन तारीखों पर  मतदान होना है। राज्य में 19 अप्रैल को पहले चरण में पांच निर्वाचन क्षेत्रों- डिब्रूगढ़, जोरहाट, काजीरंगा, लखीमपुर और शोणितपुर में मतदान होगा। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को पांच और सीटों- सिलचर, करीमगंज, दीफू, नगांव और दरंग-उदालगुड़ी में मतदान होगा। बाकी के चार निर्वाचन क्षेत्रों - गुवाहाटी, धुबड़ी, बरपेटा और कोकराझाड़ में तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में कहा गया है कि इन सीटों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, बैंकों, चाय बागान तथा उद्योगों समेत व्यावसायिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान मतदान वाले दिनों में बंद रहेंगे।