पूर्वांचल प्रहरी ब्यूरो जोरहाट : नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री है, जिन्होंने दस वर्षों के भीतर 16 बार असम का दौरा किया है। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज जोरहाट के मेलेंग मेटेली पथार में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान स्वागत भाषण में यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज सुबह पीएम मोदी ने दो घंटे तक काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण किया। वर्ष 1957 के बाद वे पहले प्रधानमंत्री है, जिन्होंने काजीरंगा का भ्रमण किया। सीएम हिमंत ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि असम से सांसद रहते हुए भी वे कभी काजीरंगा नहीं आए।
लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने रात्रि विश्राम काजीरंगा में कर असमवासियों को गौरवान्वित किया। जोरहाट में वीर लाचित बरफुकन की 125 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण पीएम के हाथों होने से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। साथ ही असम को विभिन्न योजनाओं की सौगात भी पीएम मोदी द्वारा दिए जाने की बात सीएम ने मंच से कही। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली, राज्य सरकार के मंत्री रंजीत दास, अतुल बोरा, केशव महंत, यूजी ब्रह्म, बिमल बोरा, सांसद तपन कुमार गोगोई व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता मंचासीन थे।