पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : कांग्रेस और भाजपा विरोधी 16 दलीय दलों के विपक्षी एकता मंच के संभावित उम्मीदवारों को लेकर पार्टी के अंदर और बाहर व्यापक चर्चा चल रही है। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित होने के बाद राज्य में अभी तक कांग्रेस के नेतृत्व   वाले गठबंधन ने अपने उम्मीदवारों की सूची की घोषणा नहीं की है, जिससे विपक्षी समर्थक निराश हैं। ऐसे समय में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने मीडिया से कहा  कि अगले 150 घंटों के भीतर कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी जाएगी। एपीसीसी मीडिया विभाग के सह-अध्यक्ष मेहदी आलम बोरा ने सोमवार को गुवाहाटी के राजीव भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अगले सप्ताह होगी। बैठक में राज्य के 14 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी ने सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक पैनल तैयार किया है। सूची में प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कई व्यक्तियों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस पार्टी से लोकसभा चुनाव कौन लड़ेगा इसका फैसला केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) करेगी। उम्मीदवारों की सूची तैयार करने के लिए एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा रविवार सुबह दिल्ली पहुंचे। भूपेन बोरा ने संवाददाताओं से कहा कि असम में कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची को पहले ही अंतिम रूप दे दिया गया है। हालंाकि कांग्रेस आलाकमान असम और कुछ अन्य राज्यों के उम्मीदवारों की सूची एक साथ प्रकाशित करना चाहता है। कुछ राज्यों में उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने में कुछ समय और लगेगा। इसलिए, अन्य राज्यों के साथ असम की उम्मीदवार सूची प्रकाशित होने में 6-7 दिन लगेंगे। बोरा ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे ने उन्हें सूचित किया है कि उम्मीदवारों की सूची अगले 150 घंटों के भीतर सार्वजनिक कर दी जाएगी। बोरा ने यह भी कहा कि कुछ मीडिया आउटलेट कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं इसलिए उन्होंने मीडिया से आज संयम बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गलत उम्मीदवारों के नाम संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम पैदा करते हैं उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ नेता जानबूझकर पार्टी स्तर से मीडिया को गलत जानकारी दे रहे हैं। एपीसीसी अध्यक्ष ने असम में विपक्षी एकता और उम्मीदवारी पर चर्चा के लिए कल रात ग्वालियर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ बैठक की। उक्त बैठक में एआईसीसी महासचिव और असम में पार्टी सलाहकार जितेंद्र सिंह ने भी भाग लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा ने आज नई दिल्ली में  संवाददाताओं से कहा कि इस बार डिब्रूगढ़ की जनता सर्वानंद सोनोवाल से सीएए आंदोलन के पांच शहीदों का हिसाब जरूर लेगी। डिब्रूगढ़ में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाले केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को राज्य के मुख्यमंत्री रहते समय सीएए आंदोलन के दौरान उनके प्रतिक्रियावादी रुख का जवाब मिल जाएगा।