पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने सोमवार को कामरूप मेट्रोपॉलिटन और कामरूप जिले में 1,208 करोड़ रुपए की कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सबसे पहले वीआईपी जंक्शन से धारापुर जंक्शन तक लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को जोड़ने वाली मौजूदा दो-लेन सड़क को चार-लेन सड़क में अपग्रेड करने की परियोजना के लिए  भूमिपूजन किया। कुल 9 किमी लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत 358 करोड़ रुपए है और यह लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्माणाधीन नया इंटीग्रेडेड टर्मिनल संचार को उन्नत करेगा और गुवाहाटी और उत्तर पूर्व में कनेक्टिविटी और भविष्य की जरूरतों को पूरा करेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 100 बिस्तरों वाले अजारा जिला अस्पताल की आधारशिला रखी। यह अस्पताल का 116 करोड़ रुपए की लागत से 15,555 वर्ग मीटर के क्षेत्र में निर्माण किया जाएगा। अस्पताल में 3 ऑपरेटिंग कमरे होंगे, रेडियोलॉजी और विशेष नेत्र उपचार सहित 14 आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस अवसर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अजारा अस्पताल को अपग्रेड करने के लिए विशेष प्रयास किए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व बैंक की सहायता प्राप्त सहायता परियोजना के तहत राज्य के 10 अस्पतालों को जिला स्तरीय अस्पतालों में अपग्रेड करने की दिशा में कदम उठाये गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में ब्लड बैंक, आईसीयू सुविधाएं, दंत चिकित्सा सुविधाएं और सीटी स्कैन सहित आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं होंगी ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि 2026 तक अस्पताल के पूरा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि यातायात की सुविधा के लिए रानी क्षेत्र में फ्लाईओवर के निर्माण के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। दीपर बिल को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना के बारे में उल्लेख करते हुए सीएम डॉ. शर्मा ने कहा कि इस योजना के तहत विभिन्न बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए आवंटित किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना अगले 3-4 वर्षों में पूरी हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हाथियों सहित अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दीपर बिल होकर जाने वाली रेलवे लाइन को ऊंचा करने की योजना चल रही है और इस परियोजना का काम अगले छह महीने के भीतर शुरू हो जाएगा। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत, गुवाहाटी लोकसभा सांसद म्ीन ओजा, विधायक रमेंद्र नारायण कलिता सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने का अभियान जारी रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सोमवार को कामरूप जिले के गौरीपुर में 408 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ट्रम्पेट इंटरचेंज का भूमिपूजन किया। कुल 5,482 किमी लंबा यह ट्रम्पेट इंटरचेंज गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ने वाले पुल के माध्यम से भीड़भाड़ की समस्या कम करेगी और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करके स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में भी योगदान देगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि ट्रम्पेट इंटरचेंज का निर्माण 18 महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है और यह परियोजना पूरे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने में योगदान देगी। मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ने वाले पुल के दक्षिणी तट पर भूतनाथ से माछखोवा तक एलिवेटेड कॉरिडोर खंड को आधिकारिक तौर पर लोगों की सेवा में समर्पित किया। एलिवेटेड कॉरिडोर 1.2 किमी लंबा है और इसकी लागत 326.01 करोड़ रुपए है। यह परियोजना गुवाहाटी के भरलुमुख में यातायात की मौजूदा भीड़ को कम करने, ब्रह्मपुत्र नदी के तटों को सुंदर बनाने और कटाव को रोकने में मदद करेगी। एलिवेटेड कॉरिडोर के खंड का पैदल निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एलिवेटेड कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद आदाबाड़ी-माछखोवा दिशा से आने वाले लोग भूतनाथ के समीप से सीधे शुक्रेश्वर मंदिर, उजानबाजार आदि जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर के उपयोगकर्ता अपनी यात्रा के दौरान ब्रह्मपुत्र की सुंदरता का आनंद ले सकेंगे और जनता इस परियोजना के माध्यम से गुवाहाटी की एक नई छवि देख सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कालापहाड़ के साइकिल फैक्ट्री क्षेत्र में एक और फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि कामाख्या मंदिर तक पहुंच की सुविधा के लिए एक और ऊंचा गलियारा बनाने की योजना है। इस गलियारे से लोग ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपर से होते हुए पश्चिम दिशा से कामाख्या मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में शुक्रेश्वर मंदिर से लताशील मैदान तक यातायात की भीड़ को कम करने के लिए इस गलियारे का विस्तार करने की योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल के सामने निर्माणाधीन जहाज टर्मिनल का जिक्र करते हुए कहा कि इस टर्मिनल का उद्घाटन अगले अगस्त में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महत्वाकांक्षी कामाख्या कॉरिडोर परियोजना सहित ये योजनाएं पूरी होने पर पूरे गुवाहाटी शहर की छवि बदल देंगे। इस कार्यक्रम में गृह और शहरी मामलों के मंत्री अशोक सिंघल, गुवाहाटी की लोकसभा सांसद क्वीन ओजा, विधायक रमेंद्र नारायण कलिता, गुवाहाटी नगर निगम के मेयर मृगेन शरणिया, मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।